अधिकारी–कर्मचारियों की मेहनत से नई ऊँचाइयों पर पहुँचा बालोद : कलेक्टर
नववर्ष पर संयुक्त जिला कार्यालय में सद्भावना बैठक, कर्मयोग और सकारात्मक सोच पर दिया ज़ोर
बालोद,।नववर्ष 2026 के अवसर पर संयुक्त जिला कार्यालय में आयोजित सद्भावना बैठक में कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने जिले के अधिकारी-कर्मचारियों को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बालोद जिले को लगातार मिल रही उपलब्धियों के पीछे अधिकारी-कर्मचारियों का अथक परिश्रम, लगन और कार्य के प्रति समर्पण सबसे बड़ा कारण है।
कलेक्टर ने कहा कि अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने बालोद को हर क्षेत्र में आगे बढ़ते देखा है। यह सफलता केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि जिलेवासियों की सहभागिता और समर्पित प्रशासनिक टीम की देन है। उन्होंने सभी को स्वस्थ, प्रसन्नचित और सकारात्मक रहने की सलाह देते हुए कहा कि आत्मसंतोष और मानसिक प्रसन्नता के बिना किसी भी कार्य में शत-प्रतिशत परिणाम संभव नहीं है।
उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें गर्व है कि बालोद जिला उनके प्रशासनिक जीवन की पहली पदस्थापना है। जिले की कार्य संस्कृति, ऊर्जावान अधिकारी-कर्मचारी और टीम भावना की उन्होंने खुलकर सराहना की। इस दौरान नशामुक्ति, स्वच्छ कार्यस्थल और स्वच्छ पारिवारिक वातावरण को लेकर सभी को संकल्प लेने का आह्वान किया गया। नववर्ष की पावन बेला पर कलेक्टर ने जिले में प्रेम, सद्भाव, भाईचारा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की कामना भी की।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक ने भी सभी अधिकारी-कर्मचारियों को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कलेक्टर के नेतृत्व में बालोद जिला शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में मिसाल बनेगा। उन्होंने पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने की अपील की और कविता पाठ के माध्यम से नववर्ष का संदेश दिया।
अपर कलेक्टर अजय किशोर लकरा ने कहा कि नया वर्ष न केवल खुशियाँ लेकर आए, बल्कि जिले, समाज और राष्ट्र के निर्माण में नई ऊर्जा भी दे। उन्होंने सभी को अपने आचरण, व्यक्तित्व और कार्यशैली में निरंतर सुधार का संकल्प लेने की बात कही। बैठक के दौरान संयुक्त जिला कार्यालय के अन्य अधिकारी-कर्मचारियों ने भी नववर्ष पर अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।




















