Skip to main content

प्रदेश रूचि

बालोद पुलिस की कार्रवाई: लाटाबोड में 99 पौवा देशी शराब जब्त, आरोपी गिरफ्तार — बस स्टैंड के पास खुलेआम चल रही बिक्री पर सवाल

बालोद। पुलिस विभाग द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, सोमवार को ग्राम लाटाबोड में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने निर्माणाधीन मकान की तलाशी लेकर 99 पौवा देशी प्लेन शराब जब्त की और एक आरोपी को गिरफ्तार किया।
थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि ग्राम लाटाबोड निवासी छोटेलाल साहू (70), पिता स्व. हीरामन लाल साहू, अपने निर्माणाधीन मकान में अवैध रूप से अधिक मात्रा में शराब बिक्री के लिए रखे हुए था। तलाशी के दौरान एक सफेद रंग के प्रिंटेड कपड़े के थैले में रखी 99 पौवा देशी प्लेन शराब बरामद की गई। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विधिवत गिरफ्तार किया गया और न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा के साथ  दुर्योधन यादव,  संजय सोनी, आरक्षक  मोहन कोकिला और जागृति ठाकुर का योगदान रहा।

हालांकि, इस कार्रवाई के इतर एक गंभीर सवाल भी खड़ा होता है। बालोद जिला मुख्यालय के बस स्टैंड परिसर में स्थित पुलिस सहायता केंद्र से महज 10 मीटर के दायरे में बीते कई महीनों से अवैध शराब बिक्री खुलेआम जारी होने की शिकायतें सामने आती रही हैं। पुलिस सहायता केंद्र के इतने निकट इस तरह की गतिविधियों का बेखौफ संचालन न केवल कानून-व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न लगाता है, बल्कि प्रभावी निगरानी और त्वरित कार्रवाई की आवश्यकता को भी रेखांकित करता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि ग्रामीण इलाकों में सूचना पर त्वरित कार्रवाई संभव है, तो जिला मुख्यालय जैसे संवेदनशील और निगरानी वाले क्षेत्र में भी समान सख्ती दिखाई जानी चाहिए। पुलिस से अपेक्षा है कि बस स्टैंड और पुलिस सहायता केंद्र के आसपास लंबे समय से चल रही अवैध शराब बिक्री पर भी ठोस कार्रवाई कर कानून का प्रभावी संदेश दिया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!