बालोद। जिले के पुरूर थाना क्षेत्र में सड़क पर एक व्यक्ति को घेरकर मारपीट, गाली-गलौज और वाहन में तोड़फोड़ का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस घटना में पीड़ित भुनेश्वर साहू (41 वर्ष) की शिकायत पर पुलिस ने छह नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 26 दिसंबर की रात करीब 11:30 बजे भुनेश्वर साहू, जो भूतपूर्व सैनिक हैं और कृषि कार्य करते हैं, एक पूर्व विवाद की रिपोर्ट दर्ज कराने थाना आए थे। रिपोर्ट के बाद वे अपने साथियों के साथ कार से ग्राम बागतराई लौट रहे थे। इसी दौरान धमतरी बायपास से ग्राम बागतराई जाने वाले मुख्य मार्ग पर पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उनकी कार को रोक लिया।
आरोप है कि डोमार साहू, यशवंत साहू, गोलू उर्फ रूपेश, भोपसिंह, हेमंत साहू और चैतू राम सार्वा ने एक राय होकर पहले अश्लील गालियाँ दीं और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपियों ने कार का पीछा कर पत्थर और डंडों से हमला किया, जिससे वाहन के पिछले हिस्से को नुकसान पहुंचा। इस हमले में कार को लगभग 10 हजार रुपये की क्षति हुई है।
पीड़ित के अनुसार, विनय कृषि केंद्र के पास आरोपियों ने दोबारा घेरकर भुनेश्वर साहू, चुड़ामणी साहू और कुलेश्वर साहू के साथ हाथ-मुक्कों और पत्थरों से मारपीट की। इस घटना में भुनेश्वर साहू को आंख के पास, चुड़ामणी साहू को हाथ की उंगली में चोट आई, जबकि कुलेश्वर साहू के साथ भी मारपीट की गई। घटना के प्रत्यक्षदर्शी माधव प्रसाद बाघमार और दिनदयाल सार्वा ने बीच-बचाव किया।
इन धाराओं में मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 115(2), 126(2), 191(2), 296, 324(4) और 351(3) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर पुरूर पुलिस द्वारा मामले जांच की जा रही है और वही पुलिस का कहना है साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




















