प्रदेश रूचि

बालोद जिले में भाजपा ने सुशासन दिवस के रूप में मनाई अटल जयंती, विचारों को बताया राष्ट्र का मार्गदर्शन

बालोद/डौंडीलोहारा। भारत रत्न एवं छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माता, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म जयंती को बालोद जिले भर में भारतीय जनता पार्टी ने सुशासन दिवस के रूप में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया। डौंडीलोहारा भाजपा मंडल के तत्वावधान में नगर पंचायत के सामने स्थित अटल प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए गए, वहीं जिले के विभिन्न स्थानों पर संगोष्ठी, दीप प्रज्वलन और स्वच्छता अभियान आयोजित हुए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने कहा कि अटल जी का जीवन राष्ट्रसेवा, सुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों का जीवंत उदाहरण है। उनके विचार आज भी भारत के लिए प्रकाश स्तंभ हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अटल जी के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

भाजपा प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन ने कहा कि अटल जी की विरासत सुशासन, संवेदनशीलता और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है।

राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त लघु वनोपज संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष यज्ञदत्त शर्मा ने अटल जी को राजनीति का शिखर पुरुष बताते हुए कहा कि उनका समावेशी विकास का दृष्टिकोण आज भी प्रासंगिक है।

भाजपा जिलाध्यक्ष चेमन देशमुख ने कहा कि अटल जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर पार्टी पूरे वर्ष जनसेवा और सुशासन के संकल्प के साथ कार्यक्रम करेगी। 

 वहीं डौंडीलोहारा भाजपा मंडल अध्यक्ष कुसुम शर्मा ने मंडल स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कार्यकर्ताओं के योगदान की सराहना की।इसी क्रम में भाजपा शहर मंडल बालोद द्वारा अटल प्रतिमा एवं परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। “एक दीप अटल जी के नाम” कार्यक्रम के तहत जन्मदिवस की पूर्व संध्या पर दीप प्रज्वलन कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। जिले भर में आयोजित इन कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की उल्लेखनीय सहभागिता रही, जिससे अटल जी के विचारों और सुशासन के संदेश को नई ऊर्जा मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!