ठंड से राहत देने के लिए नगर पालिका परिषद ने शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की व्यवस्था की है। जिला मुख्यालय के नया बस स्टैंड, जयस्तंभ चौक, जिला अस्पताल सहित कई स्थानों पर लकड़ियों के अलाव जलाए गए हैं, जिससे राहगीरों और जरूरतमंद लोगों को कुछ राहत मिल रही है। हालांकि, कई वार्डों और गरीब बस्तियों में अभी अलाव की व्यवस्था नहीं होने से वहां के लोगों को ठंड से जूझना पड़ रहा है।

शीतलहर के असर से बाजारों में भी गर्म कपड़ों की मांग बढ़ गई है। कपड़ों की दुकानों में स्वेटर, शाल, कनटोप, दस्ताने और कंबल खरीदने वालों की संख्या बढ़ी है। ग्रामीण क्षेत्रों में लोग ठंड से बचाव के लिए घर-घर अंगेठा जलाते नजर आ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस वर्ष कई सालों बाद इतनी तीखी ठंड का अहसास हो रहा है।
ठंड बढ़ने के साथ ही शाम होते-होते सड़कों और बाजारों में चहल-पहल भी कम होने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक ठंडी हवाओं के चलते शीतलहर का असर बना रह सकता है, जिससे लोगों को सतर्क रहने और ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी जा रही है।




















