गर्दन-गाल पर 8 से 10 सेमी गहरा वार, हड्डी तक पहुंची चोट
महिला-पुरुष दोनों आरोपी हिरासत में, दो चाकू बरामद
दंतेवाड़ा।कोतवाली थाना क्षेत्र में शनिवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सुकमा जिले के जगरगुंडा एसडीओपी तोमेश वर्मा पर सरेबाजार चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया। इस सनसनीखेज हमले में एक महिला और उसके पुरुष साथी को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
हमले में डीएसपी वर्मा के गर्दन से ऊपर गाल के पास धारदार हथियार से वार किया गया। चिकित्सकों के अनुसार घाव लगभग 8 से 10 सेंटीमीटर लंबा है और इतना गहरा है कि हड्डी तक दिखाई दे रही है। घायल डीएसपी को तत्काल जिला अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

कोर्ट से लौटते वक्त हुआ हमला
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, एसडीओपी तोमेश वर्मा यूएपीए से जुड़े एक मामले की सुनवाई के सिलसिले में दंतेवाड़ा कोर्ट आए थे। इसी दौरान दुर्ग से आई महिला रंजीता वर्मा और उसके साथ मौजूद युवक रविशंकर साहू से उनकी मुलाकात हुई। बताया जा रहा है कि डीएसपी दोनों को अपने चार पहिया वाहन में बैठाकर करीब डेढ़ से दो घंटे तक शहर में साथ घूमते रहे।
बाद में जब वाहन नगर के एचडीएफसी बैंक के पास रुका, तभी वाहन के भीतर छीना-झपटी शुरू हुई। यह देख आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसी दौरान आरोपी रविशंकर साहू ने अचानक धारदार चाकू से डीएसपी के गले के ऊपर वार कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों का दावा – दोनों के पास थे चाकू
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि महिला और पुरुष दोनों के पास बड़े आकार के चाकू थे और दोनों डीएसपी की जान लेने के इरादे से हमला कर रहे थे। घटना के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे, लेकिन कोई बीच-बचाव के लिए आगे नहीं आया।
इसी बीच धमतरी निवासी एक युवक ने साहस दिखाते हुए आरोपी रविशंकर के हाथ से चाकू छीन लिया और उसे काबू में किया। उधर गीदम की ओर से गुजर रही पुलिस टीम ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। आरोपियों को पकड़कर पुलिस थाना ले जाया गया, जबकि डीएसपी को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
प्रेम विवाद से जुड़ा बताया जा रहा मामला
पुलिस सूत्रों के अनुसार यह पूरा मामला प्रेम संबंधों से जुड़ा हुआ है। जानकारी सामने आई है कि आरोपी महिला रंजीता वर्मा ने 31 अगस्त 2024 को दुर्ग के मोहन नगर थाना में डीएसपी तोमेश वर्मा के खिलाफ शादी का झांसा देकर दैहिक शोषण करने की एफआईआर दर्ज कराई थी। यह मामला वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है।

सूत्रों का यह भी कहना है कि आरोपी महिला और डीएसपी के बीच पारिवारिक संबंध होने की बात भी जांच में सामने आ रही है। महिला के साथ मौजूद रविशंकर साहू को उसका वर्तमान प्रेमी बताया जा रहा है।
पूछताछ जारी, कई पहलुओं की जांच
पुलिस ने दोनों आरोपियों से दो चाकू भी बरामद किए हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। हमले की साजिश, पूर्व विवाद, और घटनाक्रम से जुड़े हर बिंदु को खंगाला जा रहा है।




















