
खेल मैदान में मची अफरा-तफरी
घटना गुरुवार शाम करीब 4.30 बजे वार्ड क्रमांक 24 स्थित खेल मैदान की है। जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले हुए मारपीट के मामले में मुचलके पर रिहा हुए तीन आरोपी स्कूटी से मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने पीड़ित चुम्मन ठाकुर को एफआईआर वापस लेने की धमकी देते हुए चाकू दिखाया।
इसी दौरान बीच-बचाव के लिए सामने आए नारायण नेताम (29 वर्ष) और अंकित यादव (25 वर्ष) पर आरोपियों ने ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। दोनों को दौड़ा-दौड़ा कर चाकू मारा गया, जिससे खेल मैदान में मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
पेट में फंसा चाकू, हालत गंभीर
घायल नारायण नेताम को तत्काल दल्लीराजहरा अस्पताल ले जाया गया, जहां उसके पेट में फंसे चाकू को बाहर निकाला गया। प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उसे जिला अस्पताल बालोद लेकर पहुंचे, लेकिन वहां भी पेट और कमर से लगातार खून बहता रहा। स्थिति गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे तत्काल राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
डॉक्टरों के अनुसार, नारायण नेताम के शरीर में चाकू अत्यंत संवेदनशील स्थान पर लगा है और ऑपरेशन जरूरी होने के कारण उसे हायर सेंटर भेजा गया है।

घायल का बयान: लगातार बना रहे थे दबाव
घायल नारायण नेताम ने बताया कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपी लगातार एफआईआर वापस लेने का दबाव बना रहे थे। बातचीत के दौरान अचानक चाकू निकालकर हमला कर दिया गया। अंकित यादव के हाथ और पैर में चाकू से चोट आई है, जबकि नारायण की पीठ में रीढ़ की हड्डी के पास गंभीर चोट लगी, बाद में चाकू पेट में फंस गया।
पुलिस की कार्रवाई, आरोपियों की तलाश जारी
दल्लीराजहरा थाना प्रभारी संतोष कुमार भुआर्य ने बताया कि मुचलके पर रिहा आरोपी पीड़ित को धमकाने पहुंचे थे। इसी दौरान चाकूबाजी की गंभीर घटना हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




















