बालोद | दल्लीराजहरा – दल्लीराजहरा में सार्वजनिक स्थान पर एक अनुसूचित जनजाति की महिला जनप्रतिनिधि से खुलेआम छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार की गंभीर घटना सामने आई है। इस घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया। स्थानीय नागरिकों ने मौके पर ही आरोपी को पकड़कर उसकी जमकर पिटाई की और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही दल्लीराजहरा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए आरोपी को अपने कब्जे में लिया। पीड़िता की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी मेराज खान के खिलाफ छेड़छाड़, अभद्र व्यवहार एवं एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी जेल भेजा गया
थाना राजहरा में दर्ज अपराध क्रमांक 389/2025 के तहत पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाओं का पालन किया गया है।
पुराना आपराधिक इतिहास फिर आया सामने
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी मेराज खान का नाम पहले भी लगातार विवादित और आपराधिक गतिविधियों में सामने आता रहा है। कुछ वर्ष पूर्व जिला प्रशासन द्वारा उसे बालोद जिले से जिला बदर भी किया जा चुका है। हाल के दिनों में भी उसके खिलाफ क्षेत्र से कई प्रकार की शिकायतें सामने आने की जानकारी मिलती रही है।
जनाक्रोश के बीच फिर जिला बदर की चर्चा
घटना के बाद दल्लीराजहरा क्षेत्र में तीव्र जनाक्रोश देखा जा रहा है। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी की गतिविधियों और आपराधिक पृष्ठभूमि को देखते हुए एक बार फिर जिला बदर की कार्रवाई को लेकर प्रशासनिक स्तर पर पत्राचार किए जाने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस का स्पष्ट संदेश
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिलाओं के सम्मान से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।




















