मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों को बाबा गुरु घासीदास जी की जयंती की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह मेगा हेल्थ कैम्प हजारों जरूरतमंदों के लिए स्वास्थ्य की संजीवनी बनेगा। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ अपने गठन के रजत जयंती वर्ष में प्रवेश कर चुका है और बीते 25 वर्षों में स्वास्थ्य सुविधाओं में ऐतिहासिक विस्तार हुआ है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित आयुष्मान भारत योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि यह योजना समाज के अंतिम व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ पहुँचा रही है। वहीं राज्य सरकार की मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए 25 लाख रुपये तक की सहायता दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने इस विशाल आयोजन के लिए विधायक राजेश मूणत और उनकी टीम को बधाई देते हुए कहा कि “हेल्थ इज वेल्थ” का यह अभियान वास्तव में जीवन बचाने और संवारने की दिशा में बड़ा कदम है।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि यह आयोजन केवल स्वास्थ्य शिविर नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी और मानवीय करुणा का सशक्त प्रतीक है। बाबा गुरु घासीदास जी के “सत्य, अहिंसा और समानता” के संदेश को आत्मसात करता यह अभियान समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँचाने का अनुकरणीय प्रयास है। उन्होंने कहा कि 100 से अधिक विशेषज्ञ चिकित्सकों की मौजूदगी से यह कैम्प जांच से लेकर उपचार तक सम्पूर्ण समाधान प्रदान कर रहा है।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि बाबा गुरु घासीदास जी की जयंती पर आयोजित यह स्वास्थ्य महाकुम्भ समाज के हर वर्ग के लिए वरदान साबित हो रहा है। छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि पड़ोसी राज्यों से भी लोग स्वास्थ्य लाभ लेने पहुँच रहे हैं। उन्होंने बताया कि जिन मरीजों का उपचार कैम्प में संभव नहीं होगा, उन्हें आयुष्मान कार्ड के माध्यम से संबद्ध अस्पतालों में निःशुल्क इलाज उपलब्ध कराया जाएगा।
इस भव्य आयोजन के सूत्रधार एवं आयोजक विधायक राजेश मूणत ने बताया कि बाबा गुरु घासीदास जी के अमर संदेश “मनखे-मनखे एक समान” से प्रेरित होकर इस मेगा हेल्थ कैम्प की परिकल्पना की गई। उन्होंने कहा कि एक ही छत के नीचे स्वास्थ्य की सभी प्रमुख सेवाएँ उपलब्ध कराई गई हैं।
कैम्प में एक्स-रे, ईसीजी, ईको, सोनोग्राफी सहित अनेक आधुनिक जांचें और आवश्यक दवाइयाँ पूरी तरह निःशुल्क दी जा रही हैं। महिलाओं के लिए ब्रेस्ट कैंसर जांच हेतु अत्याधुनिक मशीनों की विशेष व्यवस्था की गई है। एम्स रायपुर, बालाजी, रावतपुरा, गंगा डायग्नोसिस सहित कई प्रतिष्ठित संस्थानों और देशभर से आए विशेषज्ञ चिकित्सकों की सहभागिता से यह कैम्प ऐतिहासिक बन गया है।
कार्यक्रम को विधायक किरण सिंह देव ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर वन मंत्री केदार कश्यप, खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, विधायक सुनील सोनी, पुरंदर मिश्रा, मोतीलाल साहू, अनुज शर्मा, डोमन लाल कोर्सेवाड़ा, महापौर मीनल चौबे, छत्तीसगढ़ योग आयोग अध्यक्ष रूप नारायण सिन्हा, एम्स रायपुर निदेशक डॉ. अशोक जिंदल, वरिष्ठ चिकित्सक, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।




















