प्रदेश रूचि

बालोद में निर्माण कार्य बना मुसीबत: सड़क-डिवाइडर और तार शिफ्टिंग में लापरवाही से बढ़ी आम लोगों की परेशानी

बालोद। जिला मुख्यालय में सड़क निर्माण और विद्युत तार शिफ्टिंग के चलते मंगलवार की दोपहर बड़ा हादसा टल गया। नादगांव मार्ग पर काम के दौरान विद्युत विभाग की लापरवाही से एक बुजुर्ग व्यक्ति घायल हो गए, जिससे शहरवासियों में नाराज़गी बढ़ गई है।

तार गिरा, बुजुर्ग घायल—किस्मत से बची बड़ी दुर्घटना

दल्ली चौक से रेलवे फाटक तक सड़क डिवाइडर और नए रोड निर्माण का कार्य जारी है। इसी दौरान विद्युत विभाग पुराने पोलों के तार हटाकर नए पोलों में लगाने का काम कर रहा था।
शिफ्टिंग के दौरान पाररास निवास बुजुर्ग किशन गौतम के हाथों पर अचानक तार गिर गया, जिससे उन्हें चोटें आईं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि तार सिर पर गिरता, तो गंभीर हादसा हो सकता था।

नगर पालिका के नेताप्रतिपक्ष कसमुद्दीन कुरैशी ने इसे विद्युत विभाग की घोर लापरवाही बताया और संबंधित अधिकारियों से बात कर चेतावनी दी कि ऐसी उदासीनता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

तीन महीने से अधूरा काम—धूल, जाम और परेशान जनता

करीब आठ करोड़ की लागत से दल्ली चौक से रेलवे फाटक तक बनाए जा रहे रोड डिवाइडर और सड़क निर्माण को शहर की सूरत बदलने वाला बताया गया था। लेकिन काम तीन महीने से अधूरा पड़ा है। जिससे  यातायात बाधित हो रहा  है साथ ही दुकानदारों और स्थानीय लोगों का जीवन दूभर हो गया है


लोगों का कहना है कि विभागीय अनदेखी और ठेकेदार की धीमी कार्यशैली ने पूरे प्रोजेक्ट को मज़ाक बनाकर रख दिया है।

पीडब्ल्यूडी की उदासीनता और ठेकेदार की मनमानी पर उठ रहे सवाल

पीडब्ल्यूडी विभाग की उदासीनता और ठेकेदार की मनमानी से न केवल काम की गति ठप है, बल्कि सुरक्षा मानकों की भी अनदेखी की जा रही है। ऐसा लग रहा है कि विभागीय अधिकारी हालात से बेखबर बने हुए हैं। शहरवासी कहना नहीं भूलते कि अफसरों और ठेकेदार के बीच मिलीभगत की कीमत जनता को परेशानियों के रूप में चुकानी पड़ रही है।

जनता की मांग: कार्य में तेजी आए, सुरक्षा मानकों का पालन हो

स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभागों से मांग की है कि—निर्माण कार्य की मॉनिटरिंग कड़ी की जाए,सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन हो,सुस्त पड़े प्रोजेक्ट को समय सीमा में पूरा कराया जाए लोगों का कहना है कि अगर ऐसा नहीं हुआ, तो शहर की परेशानी और दुर्घटनाओं का खतरा और बढ़ जाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!