बालोद। थाना बालोद क्षेत्र में हुई एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में 60 वर्षीय महिला उषा बाई की मौत हो गई। पुलिस ने जांच के बाद मृतका के बेटे और बाइक चालक महेन्द्र नेताम के खिलाफ लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने का मामला दर्ज किया है।
घटना 18 अक्टूबर की शाम की है।
जानकारी के अनुसार, उषा बाई अपने परिवारिक शोक कार्यक्रम में शामिल होने ग्राम सांकरी गई थीं। कार्यक्रम के बाद वे अपने पुत्र महेन्द्र नेताम की मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 04 KA 9353) में पीछे बैठकर वापस लौट रही थीं। लगभग शाम 6:30 बजे जब वे सन साइन स्कूल, लाटाबोड़ के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार और लापरवाही से बाइक चला रहे महेन्द्र नेताम ने सड़क पर अचानक आए मवेशी को टक्कर मार दी। जोरदार झटके से संतुलन बिगड़ने पर उषा बाई बाइक से गिर पड़ीं और उनके सिर में गंभीर चोट आई।
घायल अवस्था में परिजनों ने उन्हें श्री नरसिंग मल्टीस्पेशियलिटी हॉस्पिटल, बालोद में भर्ती कराया। उपचार के दौरान 19 अक्टूबर की सुबह करीब 2:30 बजे उनकी मौत हो गई। अस्पताल की ओर से फ्लोर मैनेजर जनक रावटे ने मामले की सूचना पुलिस को दी।
पुलिस ने परिजन, प्रत्यक्षदर्शी गवाह चन्द्रशेखर यादव एवं पन्ना लाल मंडावी के कथन, पंचनामा और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर घटना को लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने से हुई दुर्घटना बताया है।
थाना बालोद प्रभारी के अनुसार, बाइक चालक महेन्द्र नेताम का कृत्य धारा 106(1) बीएनएस के तहत दंडनीय पाया गया है। उसके खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना जारी है।
मर्ग क्रमांक 135/2025 धारा 194 बीएनएस में अकाल एवं आकस्मिक मृत्यु की सूचना दर्ज की गई है।
पुलिस ने मर्ग इंटिमेशन एवं अस्पताल द्वारा जारी एमएलसी मेमो को केस डायरी में संलग्न कर आगे की कार्रवाई तेज कर दी है।




















