बालोद, ‘जल संचय, जन भागीदारी’ अभियान में बालोद जिले को देश में बेस्ट परफॉर्मिंग जिला चुने जाने के बाद कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के जिले लौटने पर प्रशासनिक अमले ने उनका आत्मीय स्वागत किया। संयुक्त जिला कार्यालय में अधिकारी-कर्मचारियों ने कलेक्टर का पुष्पगुच्छ से अभिनंदन किया और टीम वर्क से मिली इस बड़ी उपलब्धि पर खुशी जताई।
कलेक्टर दिव्या ने सम्मान को पूरे जिले के अधिकारी-कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, नागरिकों और मीडिया की संयुक्त मेहनत का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि सभी के समर्पित प्रयासों ने ही बालोद को पूर्वी जोन में प्रथम स्थान दिलाया और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों सम्मान पाने का गौरव मिला।

अभियान की उपलब्धि और सम्मान
नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित छठे राष्ट्रीय जल पुरस्कार एवं ‘जल संचय, जन भागीदारी’ अवॉर्ड समारोह में बालोद जिले को जल संरक्षण के उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मान मिला। इसके साथ जिले को 2 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि भी मिली। समारोह में कलेक्टर दिव्या ने यह सम्मान ग्रहण किया।

अधिकारियों ने की नेतृत्व की सराहना
अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक, अजय किशोर लकरा, नूतन कंवर, संयुक्त कलेक्टर मधुहर्ष, एसडीएम प्रतिमा ठाकरे झा, डिप्टी कलेक्टर प्राची ठाकुर सहित सभी अधिकारियों ने कहा कि कलेक्टर के नेतृत्व, स्पष्ट कार्ययोजना और लक्ष्य को समय पर पूरा करने की रणनीति ने इस अभियान को सफलता दिलाई।
टीम और जिले को समर्पित उपलब्धि
कलेक्टर दिव्या ने स्वागत से अभिभूत होकर कहा—
“यह सम्मान केवल मेरा नहीं, जिले के हर व्यक्ति का है। जनभागीदारी और टीम वर्क ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है।”
उन्होंने ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, विभागीय टीमों, मनरेगा, जल संसाधन और वन विभाग के कर्मचारियों के प्रयासों को भी सराहा और सभी को राष्ट्रपति द्वारा प्रदत्त प्रशस्ति पत्र सौंपकर सम्मानित किया।

जेएसजेबी 2.0 के लिए तैयार
कलेक्टर ने कहा कि जल संचय और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में किए गए प्रयास भूजल स्तर बचाने में मील का पत्थर साबित होंगे। साथ ही उन्होंने सभी विभागों को जेएसजेबी 2.0 के कार्यों के लिए पूरी ऊर्जा और मनोयोग से जुटने के निर्देश दिए।




















