Skip to main content

प्रदेश रूचि

पूरी तैयारी के बाद भी धान खरीदी केंद्र नहीं खुला, खल्लारी के किसान बोले—अब हड़ताल करेंगे

बालोद। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने से पहले ही अन्नदाताओं की परेशानी बढ़ गई है। इस बार खल्लारी में नया धान खरीदी केंद्र स्वीकृत तो कर दिया गया, लेकिन केंद्र का शुभारंभ अब तक नहीं होने से किसान आक्रोशित हैं। हालात यह हैं कि किसान आंदोलन के मूड में दिखाई दे रहे हैं और केंद्र जल्द शुरू करने की मांग पर अड़े हुए हैं।

अपरकलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

सोमवार को ग्राम खल्लारी और अड़जाल के सैकड़ों किसान कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपरकलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। किसानों का आरोप है कि स्वीकृति मिलने के बावजूद धान खरीदी केंद्र शुरू नहीं होने से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान का खतरा है।

ग्राम पंचायत खल्लारी के सरपंच आत्माराम ने बताया कि वर्ष 2025-26 के लिए ग्राम पंचायत खल्लारी में नया धान खरीदी केंद्र विधिवत रूप से चयनित किया जा चुका है। इसके बावजूद खरीदी कार्य शुरू न होना किसानों में गहरा असंतोष पैदा कर रहा है। बड़ी संख्या में कृषक धान बिक्री पर निर्भर हैं, और देरी से उन्हें आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है।

सरपंच के अनुसार, संबंधित विभागों से कई बार मौखिक और लिखित आग्रह किया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। ग्राम पंचायत की बैठक में निर्णय लिया गया है कि यदि 24 नवंबर तक धान खरीदी केंद्र शुरू नहीं किया जाता है, तो ग्राम पंचायत और ग्रामीण सामूहिक रूप से पूर्ण हड़ताल पर जाएंगे।

नोडल अधिकारी ने दी सफाई

इस मामले पर जिला सहकारी बैंक के नोडल अधिकारी चिंता राम रावटे ने कहा कि खल्लारी में नए धान खरीदी केंद्र के शुभारंभ का आदेश अभी तक जारी नहीं हुआ है। आदेश मिलते ही प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

किसानों में भारी नाराजगी

खरीदी केंद्र बंद रहने से किसानों में गहरी नाराजगी है। ग्रामीणों का आरोप है कि देरी जानबूझकर की जा रही है, जबकि केंद्र पहले ही स्वीकृत हो चुका है। किसानों का कहना है कि शासन-प्रशासन इस गंभीर मुद्दे पर तत्काल पहल करे, ताकि खरीदी में देरी से होने वाले आर्थिक नुकसान से उन्हें बचाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!