बालोद। जिले के युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा की पहल पर बालोद प्रशासन अब 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को लाइवलीहुड कॉलेज, पाकुरभाठा में मुफ्त NEET और JEE कोचिंग की सुविधा देने जा रहा है। इसका मकसद है—जिले के प्रतिभाशाली लेकिन संसाधनों से वंचित बच्चों को बेहतर मार्गदर्शन उपलब्ध कराना, ताकि वे प्रतियोगी परीक्षाओं में मजबूत प्रदर्शन कर सकें।
कलेक्टर ने संयुक्त जिला कार्यालय में शिक्षा विभाग और संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर कोचिंग शुरू करने की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि अध्ययन कक्ष, छात्रावास, मेस, फर्नीचर, शौचालय–स्नानागार, सहित सभी आवश्यक सुविधाएँ पूरी तरह तैयार हों, ताकि बच्चों को किसी भी तरह की दिक्कत न हो।कलेक्टर का जोर था कि कोचिंग को जल्द से जल्द शुरू कर छात्रों को गुणवत्ता वाली शिक्षा मिले और जिले के अधिकतम बच्चे प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर सकें।
100 छात्रों का चयन – स्क्रीनिंग टेस्ट पूरा
जिला शिक्षा अधिकारी मधुलिका तिवारी ने जानकारी दी कि पहले चरण में 100 बच्चों के चयन के लिए स्क्रीनिंग टेस्ट हो चुका है। अब 17 और 18 नवंबर को विद्यार्थियों व अभिभावकों से सहमति पत्र लेकर उनकी काउंसलिंग की जाएगी।
इसके बाद 19 नवंबर को चयनित छात्रों की अंतिम सूची जारी होगी। नवंबर माह में ही कोचिंग कक्षाएं शुरू कर दी जाएँगी।
कलेक्टर मिश्रा की इस पहल से जिले के होनहार बच्चों को वह मंच मिलेगा जिसकी उन्हें लंबे समय से जरूरत थी—बेहतर मार्गदर्शन, सुरक्षित आवास और पढ़ाई के लिए पूरी तरह अनुकूल माहौल।




















