प्रदेश रूचि

बालोद में धान खरीदी की शुरुआत: हड़ताल के बीच धान खरीदी के पहले दिन 39 केंद्रों में 9,655 क्विंटल की खरीदी

बालोद। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के पहले दिन बालोद जिले में खरीदी कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। जिले के 39 उपार्जन केंद्रों में शनिवार को 237 किसानों से कुल 9,655 क्विंटल धान की खरीदी की गई।

उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं राजेन्द्र राठिया ने बताया कि पहले दिन जिले की 59 सहकारी समितियों में कुल 15,500 किसानों के टोकन काटे गए थे। टोकन धारक किसान सुबह से ही उपार्जन केंद्रों में पहुंचने लगे थे। किसानों के आगमन पर उपार्जन केंद्रों के अधिकारी-कर्मचारियों ने उन्हें फूलमाला और गमछा पहनाकर स्वागत किया, जिसके बाद निर्धारित क्रम अनुसार धान का नाप-तौल कर खरीदी की प्रक्रिया पूरी की गई। धान बेचने वाले किसान पहले दिन ही खरीदी होने से खुश नजर आए।

कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने सुनिश्चित की व्यवस्थाएँ

कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार धान खरीदी को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए सभी केंद्रों में पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। किसानों की सुविधा के लिए पेयजल, छांव, बैठने की व्यवस्था तथा शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई हैं।

जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, राजस्व अनुविभागीय अधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार और खाद्य व सहकारिता विभाग के अधिकारी उपार्जन केंद्रों में पहुंचकर सतत मॉनिटरिंग कर रहे हैं, ताकि किसी भी तरह की बाधा न आए और किसानों को समय पर सुविधा मिल सके।

हड़ताल के कारण पंचायत सचिवों, पटवारी और आरआई की ड्यूटी

इस बार पहली बार ऐसा हुआ है जब धान खरीदी संचालन के लिए पंचायत सचिवों, पटवारियों और आरआई की ड्यूटी लगाई गई है। इन सभी कर्मचारियों को खरीद प्रक्रिया का प्रशिक्षण भी दिया गया है। आधी-अधूरी तैयारी और सीमित कर्मचारियों के बावजूद शनिवार सुबह 7 बजे से उपार्जन केंद्रों में किसान पहुंचने लगे थे।
उपार्जन केंद्रों पर समिति अध्यक्षों, पंचायत सचिवों, पटवारियों और आरआई ने इलेक्ट्रॉनिक तराजू की विधि-विधान से पूजा कर खरीदी की शुरुआत की। पहले दिन 344 किसानों को टोकन जारी हुए थे, लेकिन केवल 220 किसान ही धान बेचने पहुंचे।

कुसुमकसा केंद्र में सांसद भोजराज नाग ने की विधिवत शुरुआत

कुसुमकसा धान उपार्जन केंद्र में सांसद भोजराज नाग की उपस्थिति में धान खरीदी का विधिवत शुभारंभ किया गया। उन्होंने किसानों का फूलमाला और गमछा पहनाकर स्वागत किया और छत्तीसगढ़ महतारी की पूजा अर्चना कर खरीदी कार्य की शुरुआत की। इस मौके पर कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा, जिला पंचायत के सीईओ सुनील चंद्रवंशी सहित अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद थे।

मेडकी केंद्र में श्रीमती सुखदई बाई बनीं प्रथम किसान

जिला मुख्यालय से 3 किमी दूर ग्राम मेडकी स्थित सेवा सहकारी समिति में भी धान खरीदी का शुभारंभ हुआ। यहां प्रथम किसान के रूप में बघमरा निवासी सुखदई बाई का 18 क्विंटल 40 किलो धान खरीदा गया। इस दौरान प्राधिकृत अधिकारी गुणवंत लाल श्रीवास्तव, सरपंच मंजूलता परस साहू, पंच रोशनी साहू, किसान जगदीश साहू, तेजराम साहू, ग्राम पटेल होरीलाल साहू, छबील साहू, घणाराम निषाद, संतोष साहू, नारायण साहू, भोजराम साहू, रेखा ठाकुर, कृष्णा पटेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!