बालोद। बालोद जिले के डौंडीलोहारा ब्लॉक के संबलपुर गांव आज राजनीतिक और सामाजिक हलचल का केंद्र बनने जा रहा है। यहां पटेल कोसरिया समाज द्वारा आयोजित शाकंभरी महोत्सव एवं सामाजिक सम्मेलन में प्रदेश के दो बड़े चेहरे—मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल—एक ही मंच पर नजर आएंगे।
कार्यक्रम के शुभारंभ सत्र में सुबह 10:30 बजे पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के शामिल होने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आगमन आज शाम लगभग 3:30 बजे संबलपुर में होगा। मुख्यमंत्री साय महोत्सव के मुख्य समारोह में शामिल होकर समाजजनों से मुलाकात करेंगे और सभा को संबोधित भी करेंगे।
इस दौरान कांकेर लोकसभा सांसद भोजराज नाग भी कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे। सामाजिक समरसता और परंपरा को बढ़ावा देने वाले इस आयोजन में प्रदेशभर से कोसरिया पटेल समाज के सदस्य बड़ी संख्या में जुट रहे हैं।
स्थानीय स्तर पर प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं। मंच पर जिले के कई जनप्रतिनिधि, समाज प्रमुख और गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी रहेगी।
जानकारों का कहना है कि यह आयोजन न केवल सामाजिक एकता का प्रतीक बनेगा बल्कि आने वाले राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से भी यह दिन चर्चाओं में रहेगा।




















