प्रदेश रूचि

राज्योत्सव समापन पर उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने दी छत्तीसगढ़ को बधाई, यशवंत जैन ने कहा– ‘प्रदेश के लिए गर्व का क्षण’

रायपुर। छत्तीसगढ़ के रजत जयंती राज्योत्सव समारोह में शामिल होकर उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन बुधवार को रायपुर से रवाना हुए। राज्योत्सव के दो दिवसीय विशेष कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद उन्होंने छत्तीसगढ़ की संस्कृति, जनभावना और विकास की दिशा की सराहना की।

रायपुर के स्वामी विवेकानंद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उपराष्ट्रपति को विदाई देने के लिए राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, तथा भाजपा के प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित थे। इस दौरान आत्मीय और सादगीपूर्ण माहौल में उपराष्ट्रपति ने सभी का अभिवादन स्वीकार किया।

अपने प्रवास के दौरान उपराष्ट्रपति ने नवा रायपुर में भारतीय वायुसेना के ‘सूर्यकिरण’ एयर शो का अवलोकन किया। उन्होंने एयर वॉरियर्स के शौर्य और निपुणता की सराहना करते हुए कहा कि “यह प्रदर्शन देश की सैन्य क्षमता और अनुशासन का प्रेरक उदाहरण है।”

इसके साथ ही वे राजनांदगांव में आयोजित ‘लखपति दीदी सम्मेलन’ में भी शामिल हुए, जहाँ उन्होंने ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में छत्तीसगढ़ के प्रयासों को सराहा। उन्होंने कहा कि “स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत का सपना जमीनी स्तर पर साकार हो रहा है।”
उपराष्ट्रपति ने नेत्र चिकित्सा संस्थान के उद्घाटन कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए राज्य सरकार के प्रयासों की प्रशंसा की।

भाजपा के प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन ने उपराष्ट्रपति के इस दौरे को छत्तीसगढ़ के लिए गौरवपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि “राज्योत्सव के अवसर पर देश के उपराष्ट्रपति का सान्निध्य मिलना पूरे प्रदेश के लिए सम्मान की बात है। यह छत्तीसगढ़ की संस्कृति और विकास यात्रा के प्रति केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक है।”

राज्य के रजत जयंती उत्सव के इस विशेष अवसर पर उपराष्ट्रपति का यह दौरा न केवल प्रेरणादायी रहा, बल्कि प्रदेश के विकास और गौरव को नई ऊर्जा प्रदान करने वाला भी साबित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!