बालोद। जिले में 17 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत होगी। खरीदी से पहले तैयारियों को लेकर प्रशासनिक स्तर पर कवायद जारी है, लेकिन अब भी कई चुनौतियाँ सामने हैं।
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के नोडल अधिकारी चिंताराम रावटे ने बताया कि जिले के लगभग 620 किसानों ने पंजीयन तो कराया है, लेकिन अब तक एग्रीस्टेक पोर्टल में अपनी व्यक्तिगत जानकारी अपलोड नहीं की है। इन किसानों से घर-घर जाकर संपर्क किया जा रहा है, बावजूद इसके कई किसान या तो घर पर नहीं मिल रहे हैं या आवश्यक जानकारी उपलब्ध नहीं करा पा रहे हैं। ऐसी स्थिति में अगर निर्धारित समय तक किसान अपनी जानकारी पोर्टल में दर्ज नहीं करते, तो वे समर्थन मूल्य पर धान बेचने से वंचित रह जाएंगे।
इधर जिलेभर की सेवा सहकारी समितियों के करीब 500 कंप्यूटर ऑपरेटर अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं, जिसके चलते अब तक खरीदी केंद्रों में धान खरीदी का ट्रायल भी नहीं हो पाया है।
जिला खाद्य विभाग और जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अनुसार, धान खरीदी की तैयारियों में जिला प्रशासन जुटा हुआ है। इस वर्ष 82 लाख 15 हजार 120 क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
बताया गया कि 31 अक्टूबर को किसानों के लिए पंजीयन की अंतिम तिथि थी, जिसके तहत जिले में 1,53,735 किसानों ने पंजीयन कराया है। इनमें से 6,594 नए किसान इस वर्ष पहली बार खरीदी के लिए पंजीकृत हुए हैं।




















