प्रदेश रूचि

लोकतंत्र के नए तीर्थ से मोदी का आह्वान – ‘विकसित भारत’ की राह में छत्तीसगढ़ बने मिसाल,

अटल का सपना साकार: नए विधानसभा भवन से छत्तीसगढ़ ने रचा स्वर्णिम अध्याय

यह भवन सिर्फ ईंट-पत्थर नहीं, छत्तीसगढ़ के 25 साल के संघर्ष और सपनों का प्रतीक है।”

“अटल की दृष्टि, राम के आदर्श और जनसेवा के भाव से सजे नए विधानसभा का हुआ लोकार्पण।”

“विकसित भारत के मिशन में छत्तीसगढ़ निभाएगा अहम भूमिका – प्रधानमंत्री मोदी।”

नवा रायपुर। छत्तीसगढ़ के इतिहास में 1 नवम्बर 2025 का दिन स्वर्ण अक्षरों में दर्ज हो गया। राज्य के रजत जयंती वर्ष पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नवा रायपुर स्थित भव्य और आधुनिक विधानसभा भवन का लोकार्पण किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि “यह भवन सिर्फ एक इमारत नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की 25 वर्षों की जन-आकांक्षा, संघर्ष और गौरव का प्रतीक है।”

प्रधानमंत्री ने छत्तीसगढ़ से अपने गहरे संबंधों को याद करते हुए कहा कि उन्होंने एक कार्यकर्ता के रूप में यहां लंबा समय बिताया है। “इस भूमि ने मुझे बहुत कुछ सिखाया है, मेरे जीवन को गढ़ने में यहां के लोगों का बड़ा आशीर्वाद रहा है,” उन्होंने कहा।

अटल जी, आपका सपना साकार हो रहा है’

मोदी ने भावुक होकर कहा कि छत्तीसगढ़ का गठन अटल बिहारी वाजपेयी की दूरदृष्टि का परिणाम था। “आज जब इस भव्य विधानसभा के साथ अटल जी की प्रतिमा का भी अनावरण हुआ है, तो मन कह उठता है—अटल जी, देखिए, आपका सपना साकार हो रहा है। छत्तीसगढ़ आत्मविश्वास और विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।”

लोकतंत्र का तीर्थ स्थल’

प्रधानमंत्री ने नए विधानसभा भवन को “लोकतंत्र का तीर्थ स्थल” बताया। उन्होंने कहा—“यह भवन पारदर्शिता, जवाबदेही और जनता की आवाज़ का प्रतीक है। यहां लिए गए निर्णय आने वाले दशकों तक राज्य की दिशा तय करेंगे।”

उन्होंने बताया कि 2000 में पहली विधानसभा की बैठक रायपुर के राजकुमार कॉलेज में हुई थी, और अब 25 वर्ष बाद राज्य को एक आधुनिक, डिजिटल और आत्मनिर्भर विधानसभा मिली है।

संविधान निर्माताओं को नमन

मोदी ने इस अवसर पर संविधान सभा में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने वाले रविशंकर शुक्ल, छेदीलाल, किशोरी मोहन त्रिपाठी और अन्य मनीषियों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा—“इन्हीं विभूतियों ने बाबा साहेब के नेतृत्व में संविधान निर्माण में अहम भूमिका निभाई थी।”

संस्कृति और आस्था से जुड़ा परिसर

प्रधानमंत्री ने कहा कि नया विधानसभा भवन छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति का प्रतिबिंब है। भवन में बस्तर आर्ट की झलक, गुरु घासीदास के ‘मनखे-मनखे एक समान’ का संदेश, माता शबरी की आत्मीयता, संत कबीर की सच्चाई और महाप्रभु वल्लभाचार्य के ‘नर सेवा, नारायण सेवा’ के विचार समाहित हैं।

उन्होंने कहा कि इस भवन में “मुरिया दरबार” जैसी लोकतांत्रिक परंपराओं को सम्मान मिला है, जो छत्तीसगढ़ की आदिम संसद के रूप में जानी जाती थी।

राम से राष्ट्र’ का संकल्प

मोदी ने कहा कि छत्तीसगढ़ भगवान राम का ननिहाल है, इसलिए इस दिन का महत्व और बढ़ जाता है। उन्होंने कहा—“राम से राष्ट्र का अर्थ है सुशासन और जनकल्याण का राज। जहां कोई गरीब या दुखी न हो, समाज समानता और न्याय से भरा हो।”

उन्होंने इसे आतंक और नक्सलवाद के खिलाफ चल रही राष्ट्रीय मुहिम से भी जोड़ा—“भारत आज आतंकवाद और माओवादी हिंसा को समाप्त करने की दिशा में निर्णायक कदम उठा रहा है। यह ‘राम से राष्ट्र’ की भावना का ही प्रतीक है।”

नक्सलवाद से विकास की राह तक’

प्रधानमंत्री ने कहा कि कभी नक्सलवाद और पिछड़ेपन से पहचाने जाने वाला छत्तीसगढ़ आज समृद्धि, सुरक्षा और स्थायित्व का प्रतीक बन गया है। “बस्तर ओलंपिक की चर्चा देशभर में है। नक्सल प्रभावित इलाकों में अब विकास और शांति की लहर लौट आई है,” उन्होंने कहा।

विकसित भारत में छत्तीसगढ़ की बड़ी भूमिका’

मोदी ने कहा कि 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य में छत्तीसगढ़ की भूमिका अहम होगी। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे विधानसभा को ऐसी मिसाल बनाएं जो देश के अन्य राज्यों को प्रेरित करे।

“यह भवन भव्य जरूर है, लेकिन इसकी श्रेष्ठता यहां लिए जाने वाले जनकल्याण के निर्णयों से तय होगी,” प्रधानमंत्री ने कहा। उन्होंने सभी से जनता की सेवा को सर्वोच्च धर्म मानने का संकल्प लेने की अपील की।

अंत में दिया विकास और जनसेवा का संदेश

समापन में प्रधानमंत्री ने कहा—“यह विधानसभा सिर्फ कानून बनाने की जगह नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के भाग्य निर्माण का केंद्र है। यहां से निकलने वाले हर विचार में जनसेवा की भावना और विकास का संकल्प झलकना चाहिए।”

प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा न केवल एक भवन के उद्घाटन का क्षण था, बल्कि अटल बिहारी वाजपेयी के सपनों को साकार करने और छत्तीसगढ़ की नई विकास यात्रा की शुरुआत का प्रतीक भी बन गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!