Skip to main content

प्रदेश रूचि

मेडिकल किट सप्लाई में भ्रष्टाचार का आरोप — सीमेंट-छड़ वाली फर्म ने दी बेबी मदर किट की सप्लाई,युवा कांग्रेस ने उठाई आवाज

बालोद। स्वास्थ्य विभाग में एक बार फिर गड़बड़ी का मामला सामने आया है। लोहारा स्वास्थ्य केंद्र में पिछले दिनों पहुंची बेबी मदर किट का वितरण अब तक नहीं हो पाया है, जबकि इन किट्स की सप्लाई को लेकर गंभीर अनियमितताओं के आरोप लग रहे हैं।

युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रशांत बोकडे ने इस मामले में खुलकर आवाज उठाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सीमेंट और छड़ बेचने वाली फर्म ने बिना मेडिकल लाइसेंस के ही मेडिकल किट की सप्लाई कर दी है।

फर्म पर लगे आरोप

प्रशांत बोकडे के अनुसार, अमित बिल्ड मार्ट कम्पनी नामक फर्म, जो सामान्यतः निर्माण सामग्री (सीमेंट-छड़) की सप्लाई करती है, ने स्वास्थ्य विभाग को बेबी मदर किट की आपूर्ति की है। आरोप है कि फर्म ने अपने निर्माण सामग्री वाले जीएसटी नंबर का उपयोग करते हुए मेडिकल सामग्री की सप्लाई की, जो नियमों के विपरीत है।

मूल्य में भारी गड़बड़ी का दावा

बताया जा रहा है कि एक बेबी मदर किट की वास्तविक कीमत ₹2000 से अधिक नहीं है, जबकि विभागीय भुगतान ₹10,000 प्रति किट तक किया जा रहा है। युवा कांग्रेस ने इसे सरकारी धन के दुरुपयोग और सीधे भ्रष्टाचार का मामला बताया है।

किट सड़ रही, वितरण ठप

लोहारा स्वास्थ्य केंद्र में यह किट अब तक वितरित नहीं की गई है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, कई किट्स वहीं पड़ी-पड़ी खराब होने लगी हैं। इससे विभागीय लापरवाही भी उजागर होती है।

कार्रवाई की मांग

प्रशांत बोकडे ने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि—संबंधित फर्म के भुगतान पर रोक लगाई जाए, सप्लाई किए गए सामान की गुणवत्ता की जांच हो और दोषी अधिकारियों व सप्लायर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

उन्होंने कहा कि “यह मामला सिर्फ वित्तीय गड़बड़ी का नहीं, बल्कि आम महिलाओं के अधिकारों से जुड़ा है। जरूरतमंद माताओं को अच्छी गुणवत्ता की किट मिलनी चाहिए, न कि भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी सामग्री।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!