प्रदेश रूचि

बालोद स्वास्थ्य विभाग में रिश्वत लेते पकड़े गए दो नो कर्मचारी निलंबित….रायपुर एसीबी की कार्रवाई के बाद संभागीय संयुक्त संचालक ने जारी किया आदेश

बालोद। स्वास्थ्य विभाग में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई का सिलसिला जारी है। बालोद जिले में रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़े गए दो कर्मचारियों को विभाग ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह आदेश संभागीय संयुक्त संचालक, स्वास्थ्य सेवाएं रायपुर/दुर्ग संभाग द्वारा जारी किया गया है।

गौरतलब है कि 16 अक्टूबर 2025 को रायपुर एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) कार्यालय बालोद में पदस्थ लिपिक युगल किशोर साहू और सहायक ग्रेड-02 सुरेंद्र कुमार सोनकर को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। निलंबन अवधि के दौरान दोनों को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय जिला धमतरी निर्धारित किया गया है हालांकि दोनों आरोपी गिरफ्तारी के बाद से न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल कर दिया गया है।

क्या है पूरा मामला

जानकारी के अनुसार, दोनों कर्मचारी स्वास्थ्य विभाग में पदस्थ वाहन चालक मुकेश कुमार यादव से उसकी सर्विस बुक सत्यापन और एरियर भुगतान के लिए 50 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे थे। एसीबी रायपुर ने शिकायत की पुष्टि के बाद जाल बिछाया और जैसे ही दोनों ने 15-15 हजार रुपये की दूसरी किस्त ली, उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया गया।

इस कार्रवाई के बाद सीएमएचओ बालोद ने दोनों कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की थी, जिसके आधार पर संभागीय संयुक्त संचालक ने निलंबन का आदेश जारी किया।

भ्रष्टाचार पर कड़ी नकेल

स्वास्थ्य विभाग में हुई इस कार्रवाई से पूरे जिले में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों का मानना है कि एसीबी और विभागीय सख्ती से अन्य कर्मचारियों को भी स्पष्ट संदेश गया है कि भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, एसीबी की इस त्वरित कार्रवाई और विभागीय निलंबन से अन्य कार्यालयों में भी सतर्कता का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!