बालोद। प्रदेश सरकार ने मंगलवार को निगम-मंडलों की प्रतीक्षारत सूची जारी करते हुए कई महत्वपूर्ण नियुक्तियाँ की हैं। इसी क्रम में बालोद जिले के वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष यज्ञदत्त शर्मा को छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
यह नियुक्ति न केवल राजनीतिक दृष्टि से अहम मानी जा रही है, बल्कि जनजातीय क्षेत्र के विकास के दृष्टिकोण से भी बेहद महत्वपूर्ण है। शर्मा लंबे समय से सामाजिक एवं जनसेवा कार्यों से जुड़े रहे हैं और आदिवासी व वनवासी समुदायों के प्रति उनकी संवेदनशीलता के लिए जाने जाते हैं।
बालोद से राज्य स्तर तक का सफर
यज्ञदत्त शर्मा वर्ष 1999 से 2004 तक बालोद नगरपालिका अध्यक्ष रहे। इस दौरान उन्होंने नगर विकास, पेयजल व्यवस्था, सड़कों के सुधार और सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने जैसे कई जनहितकारी कार्य किए। उनकी नेतृत्व शैली और धरातली जुड़ाव ने उन्हें पार्टी और समाज, दोनों में मजबूत पहचान दिलाई।
जनजातीय समाज को लाभ की उम्मीद
राज्य लघु वनोपज संघ का कार्यक्षेत्र सीधे तौर पर जनजातीय समाज और वन उत्पादों से जुड़ा है। ऐसे में यज्ञदत्त शर्मा के नेतृत्व में वनोपज आधारित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और वनवासियों की आमदनी बढ़ाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाने की उम्मीद जताई जा रही है।
मुख्यमंत्री ने दी बधाई
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने यज्ञदत्त शर्मा को राज्य लघु वनोपज संघ का उपाध्यक्ष बनाए जाने पर शुभकामनाएँ दी हैं। उन्होंने कहा कि “प्रदेश के विकास, प्रगति और प्रदेशवासियों की भलाई के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है। श्री शर्मा के अनुभव और समर्पण से इन प्रयासों को और मजबूती मिलेगी।”
समर्थकों में उत्साह, भाजपा कार्यकर्ताओं ने जताई खुशी
यज्ञदत्त शर्मा को डबल इंजन की सरकार में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने के बाद बालोद जिले में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर है। जगह-जगह मिठाई बाँटी जा रही है और शुभकामनाओं का सिलसिला जारी है।
इस अवसर पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए यज्ञदत्त शर्मा ने कहा
“यह जिम्मेदारी मेरे लिए सम्मान के साथ-साथ सेवा का अवसर है। मैं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय और संगठन का आभार व्यक्त करता हूँ। मेरा प्रयास रहेगा कि वनवासी और जनजातीय समुदायों को उनके अधिकार और लाभ योजनाओं का अधिकतम फायदा दिला सकूँ। राज्य लघु वनोपज संघ को ग्रामीण अर्थव्यवस्था के सशक्तिकरण का केंद्र बनाना मेरी प्राथमिकता रहेगी।”
यज्ञदत्त शर्मा की नियुक्ति से बालोद जिले का कद राज्य स्तर पर और ऊँचा हुआ है। राजनीतिक अनुभव, संगठनात्मक क्षमता और जनसेवा के प्रति समर्पण को देखते हुए उम्मीद की जा रही है कि वे वनोपज संघ के कार्यों को नई दिशा देंगे।




















