Skip to main content

प्रदेश रूचि

राज्योत्सव की तैयारियां तेज, कलेक्टर दिव्या मिश्रा ने दिए पुख्ता इंतजाम के निर्देश

 

बालोद। छत्तीसगढ़ के राज्योत्सव को लेकर बालोद जिले में तैयारियां जोरों पर हैं। कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 2 से 4 नवंबर तक स्व. सरयु प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय राज्योत्सव समारोह को भव्य और गरिमामय तरीके से आयोजित किया जाए।

संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में हुई समय-सीमा की बैठक में उन्होंने राज्योत्सव आयोजन से लेकर 17 नवंबर से शुरू होने वाली धान खरीदी तक की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक, अजय किशोर लकरा, नूतन कंवर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर ने बताया कि बालोद जिले के राज्योत्सव समारोह में प्रदेश के स्कूली शिक्षा, विधि-विधायी और ग्रामोद्योग मंत्री गजेन्द्र यादव मुख्य अतिथि होंगे। सभी विभागों को अपने-अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने और आयोजन स्थल पर प्रदर्शनी के माध्यम से विभागीय उपलब्धियां प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि स्टॉलों की साज-सज्जा आकर्षक और गरिमा के अनुरूप होनी चाहिए।

स्वास्थ्य विभाग को अपने स्टॉल में स्वास्थ्य परीक्षण के साथ पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियों की जिम्मेदारी डिप्टी कलेक्टर प्राची ठाकुर को सौंपी गई है। उन्हें कार्यक्रमों की रिहर्सल कराकर उच्चस्तरीय प्रस्तुति सुनिश्चित करने और मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।

कलेक्टर ने आमंत्रण पत्र, मंच सज्जा, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल और विद्युत व्यवस्था जैसे सभी बिंदुओं की भी समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए।

धान खरीदी को लेकर उन्होंने कहा कि जिले में इस वर्ष 144 सहकारी समितियों के अंतर्गत 160 धान खरीदी केंद्र बनाए गए हैं। सभी समितियों के लिए नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की जा चुकी है। जिला स्तरीय अधिकारियों का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है, जबकि अनुविभाग और विकासखण्ड स्तर के नोडल अधिकारी, समिति प्रबंधक और ऑपरेटरों का प्रशिक्षण 29 और 30 अक्टूबर को होगा।

कलेक्टर ने सभी नोडल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण कर चेकलिस्ट के अनुसार रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए, ताकि 17 नवंबर से शुरू हो रहे समर्थन मूल्य पर धान खरीदी कार्य सुचारु और निर्विघ्न रूप से संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!