बालोद। जय स्तंभ चौक, ग्राम लाटाबोड़ में गरबा कार्यक्रम के दौरान उस वक्त हंगामा मच गया जब कुछ युवकों के विवाद ने माहौल बिगाड़ दिया। कार्यक्रम में मौजूद स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी पर कुछ युवकों ने न केवल गाली-गलौज की बल्कि धारदार हथियार से हमला भी कर दिया।
जानकारी के अनुसार, बालोद निवासी रविकांत साहू, जो मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय में वैक्सीन कोल्ड चैन मैनेजर के पद पर पदस्थ हैं, गरबा कार्यक्रम में शामिल थे। रात करीब 10:30 बजे, कुछ युवक — कुलदीप, ओमप्रकाश और उनके दो साथी — महिलाओं के बीच जाकर डांस करने लगे। जब रविकांत ने उन्हें ऐसा करने से मना किया, तो चारों युवक आपस में एक राय होकर रविकांत पर टूट पड़े।
पीड़ित के बयान के मुताबिक, आरोपियों ने पहले अश्लील गाली-गलौज की, फिर धारदार वस्तु से हमला कर दिया, जिससे उनके बाएं गाल, कान और गले में चोट आई और खून निकल आया। घटना के प्रत्यक्षदर्शी दुर्गेश कुमार साहू, पूजा साहू और विकास कुमार साहू ने पूरे घटनाक्रम को देखा और पुलिस को इसकी पुष्टि की है।
थाना बालोद पुलिस ने मामले में एफआईआर क्रमांक 0463/25 दर्ज की है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराएं 115(2), 296 और 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।




















