बालोद। डौंडी थाना क्षेत्र के जमरुवा गांव में तरबूज की खेती के लिए पानी को लेकर दो पक्षों में विवाद इतना बढ़ा कि मामला खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों में लाठी-डंडों से जमकर मारपीट हुई, जिसमें छह से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों का इलाज शासकीय अस्पताल डौंडी में जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार, पखांजुर निवासी सपन मंडल ने गांव जमरुवा में स्थानीय किसानों की जमीन तरबूज की फसल के लिए लीज पर ली थी। वहीं, पास के गांव चिखली के कुछ अन्य किसानों ने भी अपनी जमीन लीज पर लेकर खेती शुरू की थी। सिंचाई के पानी की कमी को लेकर दोनों पक्षों के बीच शनिवार रात विवाद बढ़ा और देखते ही देखते बात हाथापाई तक जा पहुंची।
घटना के दौरान सनिश मंडल, विश्वजीत दास, राजकुमार हलधर, अजित, नेपाल विश्वास एवं उनके साथियों पर आरोप है कि उन्होंने खेत में काम कर रहे मजदूरों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान मजदूर संजय मंडल, शंभू मंडल, परमेश ध्रुवा, लक्कू आंचला, मोहन कुमार उसेंडी और मनमद विश्वास घायल हो गए। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने मजदूरों की लॉरी में तोड़फोड़ कर दी और करीब 2 लाख रुपये नगद व एक मोबाइल फोन भी गायब हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही घायल मजदूरों को स्थानीय ग्रामीणों की मदद से अस्पताल लाया गया। पुलिस ने सपन मंडल की रिपोर्ट पर आरोपियों के खिलाफ बलवा सहित 6 धाराओं में अपराध दर्ज किया है। FIR में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 190, 191(2), 191(3), 296 और 351(3) के तहत मामला दर्ज हुआ है।
थाना प्रभारी डौंडी ने बताया कि घायलों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और घटना की जांच जारी है। पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।




















