बालोद। जिला नाई सेन समाज ने अपनी पांच सूत्रीय मांगों को लेकर राज्य सरकार के नाम एक विस्तृत ज्ञापन मंगलवार को सौंपा। प्रदेश सेन समाज के अध्यक्ष पुनीत राम सेन के मार्गदर्शन और जिलाध्यक्ष संतोष कौशिक के नेतृत्व में यह ज्ञापन मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नाम अपर कलेक्टर को सौंपा गया।
सेलून व्यवसाय को सेन समाज के लिए आरक्षित करने की मांग
ज्ञापन में प्रमुख रूप से यह मांग रखी गई कि0 नाई (सेन) समाज पीढ़ियों से सेलून व्यवसाय से जुड़ा है, जो उनकी आजीविका के साथ-साथ सांस्कृतिक पहचान का भी अहम हिस्सा है। समाज ने सरकार से आग्रह किया है कि प्रदेशभर में सेलून व्यवसाय को सेन समाज के लिए आरक्षित घोषित किया जाए, ताकि इस पारंपरिक व्यवसाय की गरिमा और आर्थिक स्थिरता दोनों बनी रहे।
अवैध स्पा सेंटरों पर सख्त कार्रवाई की मांग
समाज ने यह भी कहा कि सेलून व्यवसाय की आड़ में कई स्थानों पर अवैध स्पा सेंटर संचालित हो रहे हैं, जहाँ अनैतिक गतिविधियों की आशंका बनी रहती है। इससे समाज की छवि को नुकसान हो रहा है। ज्ञापन में ऐसे स्पा सेंटरों की जाँच कर बंद करने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की गई है। साथ ही समाज ने सरकार से अनुरोध किया कि ऐसे मामलों पर रोक लगाने के लिए सशक्त कानून बनाया जाए।
केश शिल्पी कल्याण बोर्ड की योजनाओं से वंचित समाज
जिला अध्यक्ष संतोष कौशिक ने बताया कि राज्य में संचालित केश शिल्पी कल्याण बोर्ड की योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्रों तक नहीं पहुँच पा रहा है। उन्होंने कहा कि बोर्ड विशेष रूप से सेन समाज के हित में बनाया गया है, फिर भी समाज को अब तक कोई ठोस लाभ नहीं मिला है।
समाज ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता लाई जाए और पात्र लाभार्थियों को सीधे लाभ दिलाया जाए।
विश्वकर्मा योजना के लाभ में भेदभाव का आरोप
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत नाई समाज के युवक-युवतियों ने प्रशिक्षण तो प्राप्त कर लिया है, परंतु शासन द्वारा 15 हजार रुपये मूल्य का उपकरण कीट अब तक उन्हें उपलब्ध नहीं कराया गया, जबकि अन्य ट्रेड के लाभार्थियों को यह कीट वितरित हो चुका है। समाज ने इस मामले में शीघ्र सुधार की मांग की है।
ज्ञापन सौंपने में शामिल पदाधिकारी
ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रदेश सेन समाज के अध्यक्ष पुनीत राम सेन, बालोद जिलाध्यक्ष संतोष कौशिक, जिला संरक्षक जगन कौशिक, सचिव रामकुमार सेन, उपाध्यक्ष लोकेश कौशिक, सह सचिव धनीराम सेन, सेलून संघ अध्यक्ष मुकेश कौशिक, ईकाई अध्यक्ष दलेश्वर भारद्वाज, कोषाध्यक्ष हरि सेन सहित समाज के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे।




















