प्रदेश रूचि

रानीतराई में 65 वर्षीय महिला की हत्या, बदबू आने पर खुला राज

 

बालोद/देवरीबंगला। देवरी थाना क्षेत्र के ग्राम रानीतराई (रोड) में एक 65 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या का मामला सामने आया है। घटना का खुलासा तब हुआ जब घर से तेज बदबू आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी।

जानकारी के अनुसार, मृतका देवबत्ती बयां पति जैनसिंह बयां, उम्र 65 वर्ष, ग्राम की शासकीय कोतवालिन के रूप में कार्यरत थीं। वह घर में अकेली रहती थीं। पिछले दो-तीन दिनों से उनके घर के बाहर ताला लटका हुआ था और अंदर से बदबू आने लगी थी। पड़ोसियों को शंका होने पर दरवाजा तोड़ा गया, जहां महिला का शव सड़ी-गली हालत में बरामद हुआ।

सूचना मिलते ही देवरी पुलिस थाना प्रभारी अपने दल बल सहित मौके पर पहुंचे और फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हत्या दो से तीन दिन पहले की गई प्रतीत होती है। हत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। ग्रामीणों से पूछताछ जारी है और हर पहलू पर तफ्तीश की जा रही है।

फॉरेंसिक टीम ने मौके से कई अहम साक्ष्य एकत्रित किए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही विस्तृत जानकारी सार्वजनिक की जाएगी। इस घटना के बाद रानीतराई गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!