नई दिल्ली/बालोद। विजयादशमी के ऐतिहासिक पर्व पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) ने अपनी गौरवशाली 100 वर्ष की यात्रा पूर्ण कर ली। अब संघ 101वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। इस अवसर पर भारत सरकार ने विशेष निर्णय लेते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की सेवाओं और योगदान को मान्यता देते हुए स्मारक डाक टिकट और सिक्का जारी किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे राष्ट्र के लिए RSS की सेवा भावना का सम्मान बताते हुए कहा –“राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की 100 वर्षों की गौरवशाली यात्रा त्याग, निःस्वार्थ सेवा, राष्ट्र निर्माण और अनुशासन की अद्भुत मिसाल है। RSS के शताब्दी समारोह का हिस्सा बनकर अत्यंत गौरवान्वित अनुभव कर रहा हूं।”

संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने इस अवसर पर आभार जताते हुए कहा –“देश में विशेष योगदान देने वाले संस्थानों को मान्यता देना सरकार की सत्परंपरा रही है। RSS के शताब्दी वर्ष पर स्मारक डाक टिकट और सिक्का जारी कर भारत सरकार ने संघ के कार्य को सम्मान और गौरव प्रदान किया है।”

बालोद से भाजपा नेताओं की प्रतिक्रिया
इस ऐतिहासिक अवसर पर भाजपा प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन ने कहा – “राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का 100 वर्षों का यह सफर न केवल संगठन के लिए बल्कि पूरे राष्ट्र के लिए गौरवपूर्ण क्षण है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा स्मारक डाक टिकट और सिक्का जारी किया जाना देशभर के स्वयंसेवकों और समाज के लिए प्रेरणादायक है।”
वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष चेमन देशमुख ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा “संघ ने अपनी स्थापना से आज तक समाज सेवा, राष्ट्रभक्ति और संस्कारों के जरिए देश के कोने-कोने में अमिट छाप छोड़ी है। सरकार द्वारा इस योगदान को मान्यता देना पूरे भारत के लिए गर्व का विषय है।”

नया संकल्प लेकर 101वें वर्ष में प्रवेश
संघ ने 100 विजयादशमियों के दौरान राष्ट्र सेवा, समाज संगठन और अनुशासन की परंपरा को मजबूत किया है। अब शताब्दी वर्ष से आगे बढ़ते हुए RSS नए संकल्पों और ऊर्जा के साथ राष्ट्र निर्माण की राह पर आगे बढ़ रहा है।




















