प्रदेश रूचि

गंगा मैया मंदिर में महाअष्टमी पर 1225 कन्याओं का भव्य कन्या भोज, स्टील की थाली उपहार में

बालोद। क्वांर नवरात्र की अष्टमी तिथि पर मंगलवार को जिले के प्रसिद्ध गंगा मैया मंदिर, झलमला में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन-पूजन और महाअष्टमी का पर्व बड़ी श्रद्धा और धूमधाम से मनाया गया। मंदिर प्रांगण में देवी स्वरूपा 1225 से अधिक कन्याओं को खीर-पूड़ी का सामूहिक भोज कराया गया।

विशेष पहल के रूप में सभी कन्याओं को स्टील की थाली उपहार में दी गई, ताकि प्लास्टिक मुक्त आयोजन का संदेश दिया जा सके। आयोजन में कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा, नायब तहसीलदार संध्या नामदेव सहित अन्य अतिथियों ने स्वयं कतार में बैठी बच्चियों को खीर-पूड़ी परोसी।

उपहार में स्टील की थालियां

मंदिर ट्रस्ट प्रमुख सोहनलाल टावरी ने बताया कि आंगनबाड़ी, सरकारी और निजी स्कूलों से आई सभी 1225 बच्चियों को सामूहिक भोज में शामिल कर स्टील की थाली उपहार स्वरूप दी गई। इस दौरान पूरे आयोजन में प्लास्टिक का उपयोग नहीं किया गया।

श्रद्धालुओं की रही भारी भीड़

महाअष्टमी पर सुबह से ही गंगा मैया मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही। पंडितों द्वारा मंत्रोच्चारण के बीच हवन-पूजन कर पूर्णाहुति दी गई। हवन कार्यक्रम दोपहर तक चला।

इसी तरह चंडी मंदिर, महामाया मंदिर, कपिलेश्वर मंदिर, मोखला मांझी मंदिर, गंजपारा दुर्गा मंदिर, सिंचाई कालोनी दुर्गा मंदिर सहित जिलेभर के मंदिरों और ग्रामीण अंचलों में भी हवन-पूजन और महाप्रसादी वितरण हुआ।

नवरात्र का समापन आज

नवरात्र के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं ने उपवास रख मां दुर्गा से मनोकामना पूरी होने की प्रार्थना की। अंतिम दिन बुधवार को ज्योति कलश और ज्वांरा विसर्जन के साथ नवरात्र का विधिवत समापन होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!