प्रदेश रूचि

नवरात्रि पर देश को मोदी सरकार का तोहफा, पीएम का राष्ट्र के नाम संदेश – अब सिर्फ 5% और 18% GST स्लैब

नवरात्रि से शुरू होगा ‘GST बचत उत्सव’, देशभर में सस्ती होंगी रोजमर्रा की चीजें: पीएम मोदी

नई दिल्ली।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को राष्ट्र के नाम संबोधन में देशवासियों को नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 22 सितंबर से यानी नवरात्रि के पहले दिन से Next Generation GST Reforms लागू हो रहे हैं। उन्होंने इसे “GST बचत उत्सव” करार देते हुए कहा कि इससे गरीब, मध्यमवर्ग, किसान, व्यापारी और उद्यमियों सहित हर वर्ग को राहत मिलेगी।

प्रधानमंत्री ने बताया कि नए प्रावधानों के तहत अब केवल 5% और 18% के टैक्स स्लैब रहेंगे। रोजमर्रा के इस्तेमाल की ज्यादातर चीजें—खाने-पीने का सामान, दवाइयाँ, साबुन, ब्रश, पेस्ट, स्वास्थ्य व जीवन बीमा जैसी सेवाएं या तो टैक्स-फ्री होंगी या सिर्फ 5% टैक्स के दायरे में आएंगी। पहले 12% टैक्स के दायरे में आने वाली 99% चीजें अब 5% स्लैब में होंगी।

मोदी ने कहा कि बीते 11 सालों में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं और अब नियो मिडिल क्लास व मध्यम वर्ग को ‘डबल बोनान्जा’ मिलेगा—एक ओर आयकर में छूट, दूसरी ओर जीएसटी में राहत। इससे घर बनाने से लेकर टीवी, फ्रिज, बाइक-कार और होटल में ठहरना तक सबकुछ सस्ता होगा।

प्रधानमंत्री ने इस सुधार को भारत की ग्रोथ स्टोरी को तेज़ी देने वाला बताते हुए कहा— “इनकम टैक्स और GST छूट मिलाकर देश के नागरिकों को सालाना ढाई लाख करोड़ रुपए से ज्यादा की बचत होगी। यह वास्तव में ‘बचत उत्सव’ है।”

उन्होंने छोटे, मझोले और कुटीर उद्योगों (MSMEs) से अपील की कि वे इस अवसर को भुनाते हुए स्वदेशी उत्पादन को बढ़ावा दें। मोदी ने कहा कि स्वदेशी ही भारत की समृद्धि का मंत्र है और हमें हर घर, हर दुकान को स्वदेशी का प्रतीक बनाना होगा।

प्रधानमंत्री ने राज्यों से भी आग्रह किया कि वे आत्मनिर्भर भारत और स्वदेशी अभियान के साथ जुड़कर अपने-अपने प्रदेश में निवेश और मैन्यूफैक्चरिंग को गति दें।

नवरात्रि की शुभकामनाओं के साथ अपने संबोधन का समापन करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि यह सुधार न केवल कारोबार को आसान बनाएगा बल्कि देश को आत्मनिर्भर और विकसित भारत बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!