बालोद/गुरुर। बालोद जिले के गुरुर ब्लॉक में रविवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब कोलिहामार गांव के पास नहर किनारे एक युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान 27 वर्षीय पुष्पेंद्र साहू के रूप में हुई है, जो अपने परिवार का एकमात्र सहारा था। पुलिस इस मामले में हत्या और आत्महत्या, दोनों पहलुओं से गहनता से जांच कर रही है।
यह घटना ब्लॉक मुख्यालय गुरुर से सटे ग्राम कोलिहामार की है। रविवार सुबह लगभग 8 बजे जब ग्रामीण अपने खेतों की ओर जा रहे थे, तो उन्होंने नहर किनारे एक शव देखा और तत्काल गुरुर पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस को घटनास्थल पर एक मोटरसाइकिल भी मिली। मोटरसाइकिल के नंबर के आधार पर मृतक की पहचान ग्राम फागुनदाह निवासी पुष्पेंद्र साहू (27 वर्ष) के रूप में की गई।
गांव के नागरिकों ने बताया कि पुष्पेंद्र पीओपी (प्लास्टर ऑफ पेरिस) का काम करता था और घर की पूरी जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी। उसके पिता का निधन लगभग 25 वर्ष पहले हो चुका था और उसका छोटा भाई पंकज साहू दिव्यांग है। पुष्पेंद्र ही अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहा था, जिससे उसकी मृत्यु ने परिवार को बेसहारा कर दिया है।
परिजनों के अनुसार, पुष्पेंद्र को आखिरी बार शनिवार दोपहर को गांव में देखा गया था। जब वह देर रात तक घर नहीं लौटा, तो चिंतित होकर उन्होंने पुलिस थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रविवार सुबह उसका शव मिलने के बाद, गुरुर स्थित मरच्यूरी में पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल, गुरुर पुलिस इस गुत्थी को सुलझाने में जुटी है कि यह एक सुनियोजित हत्या है या फिर आत्महत्या का मामला।




















