पति ने पत्नी से विवाद में स्कूटी में लगाई आग, 80 हजार का नुकसान
बालोद। रनचिराई थाना क्षेत्र के ग्राम बोदल में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पति ने पत्नी से झगड़े के बाद न केवल गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी, बल्कि बेटी की इलेक्ट्रिक स्कूटी को पेट्रोल और पैरा डालकर आग के हवाले कर दिया। इस घटना से करीब 80 हजार रुपये की संपत्ति जलकर खाक हो गई।
मायके में रह रही थी पत्नी
पीड़िता नीलम साहू, निवासी ग्राम उमरपोटी (थाना जामगांव आर, जिला दुर्ग) ने पुलिस को बताया कि पति परदेशी राम ठाकुर अक्सर बेवजह विवाद करता है। लगातार झगड़ों से परेशान होकर वह इन दिनों अपने मायके ग्राम बोदल में रह रही थी।
6 सितंबर को आरोपी पति ने फोन कर पत्नी को वापस चलने के लिए कहा, लेकिन पत्नी ने गांव के बुजुर्गों को साथ लाने की शर्त रखी। इस पर आरोपी ने फोन पर ही गाली-गलौज शुरू कर दी और अगले दिन बोदल पहुंच गया।
बेटी की स्कूटी में लगाई आग
7 सितंबर की सुबह आरोपी ने गांव की गली में पत्नी से बहस की। इस दौरान उसने पत्नी और सास को गालियां दीं और हत्या की धमकी भी दी। इसके बाद उसने अपनी 14 वर्षीय बेटी रेणुका से स्कूटी मंगवाई और गली में ही स्कूटी में पेट्रोल और पैरा डालकर आग लगा दी। देखते ही देखते स्कूटी जलकर खाक हो गई।
ग्रामीण बने गवाह
घटना को गांव के कई लोग – संतु यादव, रेखा साहू और थानेश्वर साहू – ने अपनी आंखों से देखा। गाली-गलौज और धमकी से गांव का माहौल भी तनावपूर्ण हो गया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पीड़िता की शिकायत पर रनचिराई थाना पुलिस ने आरोपी परदेशी राम ठाकुर के खिलाफ BNS की धारा 296,326(f),351(3) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्रामीणों में दहशत
घटना के बाद से पीड़िता और परिवार दहशत में हैं। ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी पहले भी परिवार को मारने की धमकी देता रहा है। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।




















