प्रदेश रूचि

बालोद में भाजपा प्रवक्ता डॉ. विजय शंकर मिश्रा की प्रेस वार्ता….जीएसटी दर में कटौती से बढ़ेगी क्रय शक्ति, छत्तीसगढ़ को मिलेगा हजारों करोड़ का लाभ

 

बालोद। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता, सूचना का अधिकार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक एवं सूचना आयोग संपर्क व न्यायिक मामलों के प्रभारी डॉ. विजय शंकर मिश्रा ने मंगलवार को भाजपा जिला कार्यालय बालोद में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि हाल ही में की गई जीएसटी दरों में कटौती प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “2047 तक विकसित भारत” के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

डॉ. मिश्रा ने कहा कि “एक राष्ट्र – एक टैक्स” की अवधारणा ने देश को जटिल कर प्रणाली से मुक्त किया है। अब जीएसटी में दरों का सरलीकरण किया गया है, उपयोगी वस्तुओं पर कर शून्य कर दिया गया है और कई उत्पादों पर कर में 10% तक की कटौती की गई है। उन्होंने कहा कि ये फैसले जनता की जेब में पैसा डालने वाले हैं, जिससे उनकी खरीद क्षमता बढ़ेगी और अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

उन्होंने बताया कि 2017 से पहले देश में 17 तरह के टैक्स और 13 सेस लागू थे, जिससे व्यापारियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। जीएसटी लागू होने के बाद से करदाताओं की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है—70 वर्षों में 66 लाख से बढ़कर केवल 8 वर्षों में 85 लाख तक।

डॉ. मिश्रा ने कहा कि जीएसटी परिषद के हालिया निर्णयों से न केवल उद्योग, व्यापार और किसानों को फायदा होगा, बल्कि स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक सुरक्षा क्षेत्रों में भी राहत मिलेगी। तेल, टूथपेस्ट, शैम्पू, पनीर, ट्रैक्टर के कलपुर्जे, बीमा और कृषि उपकरण जैसी जरूरी वस्तुएं अब और सस्ती होंगी।

छत्तीसगढ़ को मिलने वाले लाभ की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि कोयले पर लगे सेस के 50% हिस्से का लाभ अब राज्य को मिलेगा, जिससे हर वर्ष अनुमानतः 2000 से 3000 करोड़ रुपये की अतिरिक्त आमदनी होगी। इसके अलावा आर्थिक सुधारों के लिए 6200 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि भी राज्य को दी गई है।

उन्होंने कांग्रेस और विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि परिषद की बैठक में तो निर्णय का विरोध नहीं करते, लेकिन बाहर आकर सरकार की आलोचना करते हैं। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इन सुधारों का अमेरिकी टैरिफ नीति से कोई संबंध नहीं है, क्योंकि इस पर कार्ययोजना डेढ़ वर्ष पहले ही शुरू हो चुकी थी।

प्रेस वार्ता में भाजपा जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख, पुर्व जिला अध्यक्ष पवन साहू, वरिष्ठ नेता यज्ञदत्त शर्मा, पूर्व प्रदेश मंत्री राकेश यादव, महामंत्री राकेश “छोटू” यादव, जिला प्रवक्ता जितेंद्र साहू, कार्यालय मंत्री विनोद जैन, मीडिया प्रभारी कमल पनपालिया सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!