“मन की बात” में बालोद जिला प्रदेश में दूसरे स्थान पर
बालोद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम “मन की बात” का 125वां एपिसोड 31 अगस्त को देशभर में उत्साह के साथ सुना गया। इस मौके पर छत्तीसगढ़ में बालोद जिले ने बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया।
इस सफलता पर भाजपा जिलाध्यक्ष चेमन देशमुख ने कहा कि यह पूरी तरह कार्यकर्ताओं के उत्साह, अनुशासन और एकजुटता का परिणाम है। उन्होंने इसे संगठन की मजबूती और जनता से गहरे जुड़ाव का प्रतीक बताया। देशमुख ने कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा, “हमारा अगला लक्ष्य यह रहेगा कि बालोद जिला ‘मन की बात’ सुनने में पूरे प्रदेश में पहला स्थान हासिल करे। इसके लिए हम गांव-गांव, घर-घर तक पहुँच बनाएंगे और कार्यक्रम को जन-जन तक पहुँचाने की कोशिश करेंगे।”
जिला संयोजक शरद ठाकुर और सह-संयोजक रिंकू राजीव शर्मा ने भी कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देते हुए कहा कि आने वाले समय में संगठन और अधिक मजबूती के साथ काम करेगा ताकि जिले की पहचान प्रदेश स्तर पर लगातार मजबूत बनी रहे।
भाजपा कार्यकर्ताओं, मंडल अध्यक्षों, मोर्चा-प्रकोष्ठ पदाधिकारियों, बूथ अध्यक्षों और शक्ति केंद्र प्रभारियों ने इस उपलब्धि पर एक-दूसरे को बधाई दी। सभी ने एक स्वर में कहा कि यह सफलता टीम वर्क और समर्पण का नतीजा है।
जिलेभर के कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि आगे “मन की बात” कार्यक्रम को और व्यापक स्तर पर प्रचारित-प्रसारित किया जाएगा, ताकि बालोद जिला न सिर्फ प्रदेश में बल्कि देशभर में भी अपनी अलग पहचान बना सके।




















