प्रदेश रूचि

छत्तीसगढ़ में शराब खरीदने कैश नहीं, सिर्फ डिजिटल पेमेंट होगा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में अब शराब की दुकानों पर कैश से लेन-देन बंद होगा। आबकारी मंत्री लखनलाल देवांगन ने विभागीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को जल्द डिजिटल पेमेंट व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए हैं।

मंत्री ने कहा कि सभी दुकानों पर शत-प्रतिशत भुगतान ऑनलाइन माध्यम से होना चाहिए। मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप शराब दुकानों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और मुख्यालय से 24 घंटे निगरानी रखी जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अवैध शराब व मादक पदार्थों के निर्माण, संग्रहण, परिवहन और बिक्री पर कड़ी कार्रवाई करें। साथ ही अंतरराज्यीय सीमाओं पर आबकारी चौकियों में सतर्कता बढ़ाने और विशेष अभियान चलाने पर जोर दिया।

होटल, ढाबा और फॉर्म हाउस में शराब की अवैध बिक्री और सेवन रोकने पर भी खास ध्यान देने को कहा गया। मंत्री ने साफ किया कि फॉर्म हाउस में होने वाली शराब पार्टियों पर भी कार्रवाई होगी।

बैठक में राजस्व लक्ष्य हासिल करने की योजनाओं पर चर्चा की गई। इस दौरान आबकारी विभाग की सचिव आर. शंगीता ने विभागीय गतिविधियों की जानकारी दी। विशेष सचिव देवेंद्र कुमार भारद्वाज समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!