बालोद। जिला मुख्यालय से महज 5 किलोमीटर दूर ग्राम ओरमा में इस बार पोला महोत्सव का आयोजन बेहद खास रहा। सरपंच मंजूलता परस साहू और पंचगणों के सहयोग से आयोजित यह उत्सव पहली बार गांव के नवीन खेल मैदान में संपन्न हुआ, जहां खेलकूद और पारंपरिक प्रतियोगिताओं ने उत्साह को दोगुना कर दिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ग्राम विकास समिति अध्यक्ष नेमलाल साहू थे, जबकि अध्यक्षता जनपद सदस्य मोहनीस पारकर ने की। विशेष अतिथि के रूप में खिलेश्वर सोनकर (कोषाध्यक्ष ग्राम विकास समिति), मुकेश यादव (छत्तीसगढ़ पुलिस), बलराम साहू (सदस्य ग्राम विकास समिति), वरिष्ठ भाजपा नेता दिलीप साहू, बूथ अध्यक्ष लीलाधर साहू, उपसरपंच बलराम यादव, पंच सुदामा साहू, संतोष साहू, डोमार कुंभकार, अग्नि निषाद, कमलेश्वरी साहू सहित कई गणमान्य लोग शामिल रहे। कार्यक्रम में पूनम साहू और दीनू सोनकर ने भी सक्रिय सहयोग दिया।

खेल मैदान में आयोजित कबड्डी मुकाबले ने महिला और पुरुष टीमों का उत्साह चरम पर पहुंचा दिया। इसके अलावा जलेबी दौड़, 200 मीटर दौड़, कुर्सी दौड़ और मटका फोड़ प्रतियोगिता ने बच्चों और युवाओं में जबरदस्त जोश भर दिया। विजेताओं को ग्राम समिति और सरपंच द्वारा पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया।
सरपंच मंजूलता साहू ने कहा कि खेलकूद से न केवल मानसिक और शारीरिक विकास होता है, बल्कि यह आपसी भाईचारे को भी मजबूत करता है। उन्होंने कहा— “खेलों में हार से निराश नहीं होना चाहिए, क्योंकि हार ही जीत की पहली सीढ़ी होती है।”
गांव में पहली बार इस तरह के बड़े आयोजन से उत्सव का रंग और भी निखर उठा। ग्रामीणों ने कार्यक्रम को सरपंच की पहल का सराहनीय प्रयास बताते हुए इसे यादगार पल करार दिया।




















