बालोद। पुलिस ने एक बार फिर साइबर अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ठगी करने वाले आरोपी को नालंदा (बिहार) से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने बालोद के एक व्यापारी को कामधेनु टीएमटी छड़ सस्ते दाम में देने का झांसा देकर 2,67,875 रुपए हड़प लिए थे।
ऐसे खुला ठगी का राज़
कन्नेवाड़ा निवासी एक व्यापारी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसका टाइल्स, छड़ और सीमेंट की दुकान है। इसी दौरान आरोपी ने खुद को व्यापारी बताकर कामधेनु छड़ कम दाम में देने का झांसा दिया और बंधन बैंक के खाते में रुपए जमा कराए। रकम ट्रांसफर होने के बाद न तो माल मिला और न ही आरोपी ने फोन उठाया।
शिकायत पर बालोद थाने में अपराध दर्ज कर जांच शुरू हुई। साइबर सेल और थाना बालोद की संयुक्त टीम ने बैंक खातों का विश्लेषण किया, जिसमें रकम नालंदा (बिहार) के एटीएम से निकाली जाना पाई गई। फुटेज और तकनीकी सुराग के आधार पर टीम बिहार रवाना हुई।
आरोपी को गांव से पकड़ा गया
पुलिस टीम ने नालंदा जिले के मानपुर थाना क्षेत्र के पलनी गांव में दबिश देकर आरोपी मोहन यादव (29 वर्ष) को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 4 मोबाइल फोन, 5 सिम कार्ड और 2 लाख रुपए नगद जब्त किए गए हैं।
पुलिस टीम का सराहनीय योगदान
कार्रवाई में थाना प्रभारी बालोद निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा, साइबर सेल प्रभारी धरम भुआर्य, उपनिरीक्षक सूरज साहू, प्रधान आरक्षक हरिश्चंद सिन्हा, रूमलाल चुरेंद्र, आरक्षक पुरण देवांगन, विपिन गुप्ता, राहुल मनहरे, संदीप यादव, भोप साहू, मिथिलेश यादव और गुलझारी साहू की अहम भूमिका रही।
लगातार कामयाबी
बालोद पुलिस को हाल के दिनों में अन्य राज्यों से साइबर ठग पकड़ने में लगातार सफलता मिल रही है। इस कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि तकनीकी और जमीनी स्तर पर की गई मजबूत पड़ताल से साइबर अपराधियों को कहीं भी पकड़ना संभव है।




















