बालोद जिले में एक नई नगर पंचायत के अस्तित्व में आने के बाद, चुनावी प्रक्रिया की प्रशासनिक तैयारियां भी शुरू हो गई हैं। इसी क्रम में सोमवार को नगर पंचायत पलारी के लिए 15 वार्डों के आरक्षण की प्रक्रिया सम्पन्न कराई गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर दिव्या मिश्रा के मार्गदर्शन में संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में छत्तीसगढ़ नगर पालिका निर्वाचन नियम 1994 के नियम 22(क) के तहत पार्षद पदों के लिए प्रवर्गवार और महिला प्रवर्गवार आरक्षण तय किया गया। आरक्षण की प्रक्रिया गुरूर एसडीएम रामकुमार सोनकर और डिप्टी कलेक्टर प्राची ठाकुर ने पूरी कराई।
डिप्टी कलेक्टर प्राची ठाकुर ने बताया कि वार्डवार आरक्षण की कार्यवाही को अब छत्तीसगढ़ चुनाव आयोग को भेजा जाएगा, जिसके बाद आगे की चुनावी प्रक्रिया शुरू होगी।
आरक्षण विवरण
आरक्षण के अनुसार, वार्ड क्रमांक 01, 02, 05, 10 और 12 अनारक्षित रहेंगे। वार्ड क्रमांक 03, 06 और 13 अनारक्षित महिला, वार्ड क्रमांक 04, 07 और 09 ओबीसी मुक्त, वार्ड क्रमांक 08 और 11 ओबीसी महिला, वार्ड क्रमांक 14 एसटी मुक्त और वार्ड क्रमांक 15 एससी मुक्त के लिए आरक्षित किए गए हैं।
इस मौके पर नगर पंचायत पलारी के मुख्य नगरपालिका अधिकारी गिरीश साहू, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।
गौरतलब है कि पलारी नगर पंचायत, बालोद जिले का नौवां नगरीय निकाय है, जो 12 दिसंबर 2024 को ग्राम पंचायत से नगर पंचायत के रूप में अस्तित्व में आई थी। अब जिले में कुल 2 नगरपालिका और 7 नगर पंचायतें हैं।




















