नई दिल्ली/कांकेर। कांकेर लोकसभा क्षेत्र के विकास की रफ्तार अब सड़क मार्ग से होकर गुजरने को तैयार है। इसी दिशा में आज राजधानी दिल्ली में एक महत्वपूर्ण पहल हुई, जब केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से कांकेर लोकसभा के सांसद भोजराज नाग सौजन्य भेंट कर कांकेर संसदीय क्षेत्र से जुड़े बहुप्रतीक्षित सड़क निर्माण कार्यों के लिए विस्तृत मांग पत्र सौंपा गया। इस मुलाकात में क्षेत्र के भूगोल, यातायात दबाव, सुरक्षा और व्यापारिक दृष्टिकोण को ध्यान में रखते हुए कुल सात प्रमुख मार्गों के निर्माण, चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण की मांग की गई।
छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र को जोड़ने वाले नए हाईवे की मांग
मांग पत्र का सबसे अहम बिंदु था एक नवीन राष्ट्रीय राजमार्ग का निर्माण, जो छत्तीसगढ़ के भानुप्रतापपुर विकासखंड के ग्राम केवटी से आरंभ होकर पखांजूर, पीवी-18 होते हुए महाराष्ट्र के पेंड्री तक पहुंचेगा। यह मार्ग छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के सीमावर्ती क्षेत्रों को जोड़ने के साथ-साथ व्यापारिक, सामरिक और सामाजिक दृष्टिकोण से भी अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
मानपुर और दल्लीराजहरा तक आवागमन होगा सुगम
इसी तरह, कांकेर से राजनांदगांव जिले के मानपुर तक जाने वाली सड़क को बाह्य रूट (कांकेर-माकड़ी चौक-भानुप्रतापपुर-संबलपुर-मानपुर) से चौड़ा करने की मांग भी उठाई गई है, ताकि ग्रामीण अंचलों को सुगम और वैकल्पिक रास्ते मिल सकें।
एक अन्य प्रमुख प्रस्ताव में कोंडागांव से राजनांदगांव तक की सड़क को नारायणपुर-अंतागढ़-भानुप्रतापपुर-दल्लीराजहरा मार्ग से जोड़ते हुए उन्नयन की बात कही गई है, जिससे बस्तर और उत्तर छत्तीसगढ़ के बीच दूरी कम हो सकेगी।
धमतरी और बालोद को मिलेंगे मजबूत सड़क संपर्क
धमतरी जिले को लेकर दो महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे गए। पहला – धमतरी मुख्यालय से ग्राम बोरई तक की सड़क को नगरी और सिहावा होते हुए चौड़ा और सुदृढ़ करने की आवश्यकता जताई गई। दूसरा – धमतरी (पुरूर चौक) से बालोद तक 4-लेन डिवाइडर रोड का प्रस्ताव, जो भविष्य में औद्योगिक परिवहन का मजबूत आधार बन सकता है।
सांकरा से घुटला तक भी होगी कनेक्टिविटी मजबूत
अंतिम लेकिन महत्वपूर्ण प्रस्ताव ग्राम सांकरा (विकासखंड नगरी, धमतरी) से घुटला (विकासखंड नगरी) तक सड़क चौड़ीकरण को लेकर था, जो क्षेत्रीय आवागमन और कृषि गतिविधियों को गति देगा।
गडकरी ने दिए जल्द स्वीकृति के संकेत
इस पूरे संवाद के दौरान केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने मांग पत्र में उठाए गए सभी बिंदुओं को ध्यानपूर्वक पढ़ा और समझा, और आश्वस्त किया कि सभी प्रस्तावों पर शीघ्र निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय संतुलन और राष्ट्रीय कनेक्टिविटी की दृष्टि से ये प्रस्ताव सार्थक हैं और तकनीकी मूल्यांकन के बाद इन्हें प्राथमिकता दी जाएगी।
क्षेत्रीय विकास को मिलेगा नई दिशा
यदि ये सड़क परियोजनाएं स्वीकृत होती हैं तो यह न केवल आवागमन को सरल बनाएगा, बल्कि कृषि, व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन क्षेत्रों को भी नई ऊर्जा देगा। बस्तर अंचल के दूरस्थ क्षेत्रों से लेकर सीमावर्ती गांवों तक विकास की रोशनी पहुंचेगी।
यह मुलाकात केवल एक मांग पत्र सौंपने भर की घटना नहीं, बल्कि कांकेर लोकसभा क्षेत्र के लिए विकास का वह दस्तावेज बन सकती है जो आने वाले वर्षों में ज़मीन पर दिखाई देगा – चौड़ी, सुरक्षित, आधुनिक और टिकाऊ सड़कों के रूप में।




















