Skip to main content

प्रदेश रूचि

 बिजली बिल हाफ योजना पर गरमाई सियासत, कांग्रेस का प्रदेशव्यापी विरोध का ऐलान

बालोद।छत्तीसगढ़ में हाफ बिजली बिल योजना को सीमित किए जाने और बढ़ती बिजली दरों के खिलाफ कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। बुधवार को बालोद के राजीव भवन में आयोजित प्रेसवार्ता में कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर आम जनता के साथ अन्याय करने का आरोप लगाते हुए 7 अगस्त को बिजली कार्यालय के सामने धरना प्रदर्शन की घोषणा की।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना का लाभ प्रदेश के 44 लाख घरेलू उपभोक्ताओं को मिलता था, जिससे सालों में हजारों रुपए की बचत होती थी। लेकिन भाजपा सरकार ने इस योजना को खत्म कर आम जनता पर आर्थिक बोझ डाल दिया है।

उन्होंने बताया कि अब सिर्फ 100 यूनिट तक की खपत पर छूट दी जा रही है, वह भी सशर्त। 100 यूनिट से ऊपर की खपत पर पूरे बिल का भुगतान करना पड़ रहा है, जिससे गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार प्रभावित हो रहे हैं।

 चौथी बार बढ़े बिजली दरें

हिरवानी ने कहा कि पिछले डेढ़ साल में चौथी बार बिजली दरों में बढ़ोतरी की गई है। घरेलू बिजली दरों में 80 पैसे प्रति यूनिट तक का इजाफा हो चुका है, वहीं कृषि पंपों पर 50 पैसे प्रति यूनिट की बढ़ोतरी की गई है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा शासन में बिजली कटौती और लो वोल्टेज की समस्या गंभीर हो गई है, जबकि कांग्रेस शासन में 24 घंटे बिजली की आपूर्ति होती थी।

 ‘कोयला हमारा, बिजली भी महंगी क्यों?’ – संगीता सिन्हा

प्रेसवार्ता में मौजूद विधायक संगीता सिन्हा ने केंद्र सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कोयले पर ग्रीन टैक्स, रेलवे भाड़ा और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी बढ़ा दी गई है, जिससे बिजली उत्पादन महंगा हुआ है।
उन्होंने आरोप लगाया कि थर्मल पावर प्लांटों को निजी कंपनियों से महंगे दर पर कोयला खरीदने मजबूर किया जा रहा है, और अब जनता को लूटने के लिए स्मार्ट मीटर के बाद प्रीपेड मीटर लगाने की तैयारी है।

“कोयला हमारा, पानी हमारी, जमीन हमारी – फिर हमें ही महंगी बिजली क्यों?”– संगीता सिन्हा, विधायक

उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी ऐसे जनविरोधी निर्णयों का कड़ा विरोध करेगी और पूरे प्रदेश में आंदोलन चलाया जाएगा।

प्रेसवार्ता में विधायक संगीता सिन्हा के साथ कृष्णा दुबे, यज्ञदेव पटेल, मिथलेश नूरेटी, अंचल प्रकाश साहू, कमलेश श्रीवास्तव और धीरज उपाध्याय भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!