Skip to main content

प्रदेश रूचि

बालोद में “नो हेलमेट, नो पेट्रोल” अभियान शुरू — सड़क सुरक्षा पर प्रशासन सख्त, अपील और कार्रवाई दोनों जारी

बालोद।सड़क हादसों और जनहानि की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए बालोद जिला प्रशासन एक्शन मोड में है। कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देश पर जिले में “नो हेलमेट, नो पेट्रोल” अभियान सख्ती से लागू किया जा रहा है। दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनना अब सिर्फ जिम्मेदारी नहीं, पेट्रोल पाने की शर्त भी बन गया है।

इस आदेश को लेकर कुछ स्थानों पर हल्की असहमति भी देखी गई, लेकिन प्रशासन ने साफ कर दिया है कि एक जान की कीमत किसी असुविधा से कहीं बड़ी है। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि नियम का उद्देश्य जनता की सुरक्षा है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पेट्रोल पंपों पर सख्ती, लगातार निरीक्षण

एसडीएम और पुलिस अधिकारियों की टीमों ने जिले के पेट्रोल पंपों का निरीक्षण कर व्यवस्था का जायजा लिया। गुरूर क्षेत्र में अर्जुन फिलिंग प्वाइंट, विनायक फ्यूल्स, कुशाल फ्यूल्स, नानकानी फ्यूल्स और निर्मल फ्यूल्स में जाकर अधिकारियों ने पंप संचालकों से कहा कि बिना हेलमेट पेट्रोल न दें और यह नियम कड़ाई से लागू करें।

दोपहिया चालकों को भी समझाया गया कि हेलमेट न केवल कानूनी ज़रूरत है, बल्कि जीवन की सुरक्षा के लिए जरूरी है। छोटे-छोटे लापरवाह फैसले बड़ी दुर्घटनाओं में बदल सकते हैं।

दल्लीराजहरा में अतिक्रमण हटाया गया, ट्रैफिक सुधार पर काम

इधर दल्लीराजहरा में नगर पालिका अध्यक्ष तोरण लाल साहू, एसडीएम सुरेश साहू और पुलिस अधिकारियों की टीम ने मुख्य मार्गों और चौराहों का निरीक्षण किया। सड़क किनारे अतिक्रमण कर दुकान लगाने वालों पर जुर्माना लगाया गया और उन्हें तय सीमा में ही व्यापार संचालन की हिदायत दी गई।

साथ ही, सड़क किनारे अनधिकृत रूप से खड़े वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई भी की गई और भविष्य में दोबारा ऐसा न करने की चेतावनी दी गई।

आवारा मवेशियों पर भी कार्रवाई, गोठानों में रखा गया

सड़क पर घूमने वाले मवेशियों को पकड़कर गोठानों में शिफ्ट किया गया है। पशुपालकों से जुर्माना भी वसूला जा रहा है। प्रशासन ने साफ किया है कि सड़क पर किसी भी तरह की बाधा, चाहे वह मवेशी हों या वाहन, सख्ती से हटाई जाएगी।

अधिकारियों की सतत मॉनिटरिंग जारी

कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि अभियान केवल कागजों तक सीमित न रहे, फील्ड में निरंतर निगरानी और कार्रवाई होनी चाहिए। इस दौरान एसडीओपी चित्रा वर्मा, थाना प्रभारी रवि पांडेय, सीएमओ सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!