प्रदेश रूचि

छत्तीसगढ़ को रजत जयंती पर मिलेगा नया विधानसभा भवन, पीएम मोदी कर सकते हैं लोकार्पण

छत्तीसगढ़ को रजत जयंती वर्ष में मिलेगा नया विधानसभा भवन, सितंबर तक पूरा होगा निर्माण

रायपुर,।छत्तीसगढ़ के रजत जयंती वर्ष में राज्य को नया विधानसभा भवन मिलने जा रहा है। नवा रायपुर में निर्माणाधीन भवन अब अंतिम चरण में है और इसे इस साल नवंबर में होने वाले राज्योत्सव पर जनता को समर्पित किए जाने की तैयारी है।

रविवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह और उपमुख्यमंत्री व लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने मौके पर पहुंचकर काम की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि तय समय यानी सितंबर 2025 तक काम हर हाल में पूरा होना चाहिए, ताकि लोकार्पण राज्योत्सव के मौके पर किया जा सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ का रजत जयंती वर्ष पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है और इस अवसर पर राज्य को नया विधानसभा भवन सौंपा जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को राज्योत्सव के लिए आमंत्रित किया गया है और प्रस्ताव है कि उनके हाथों इसका लोकार्पण किया जाए।

विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह ने बताया कि भवन का निर्माण तेजी से पूरा हो रहा है। सदन, अध्यक्ष और मुख्यमंत्री का कार्यालय समेत पूरा परिसर लगभग तैयार है। सितंबर तक कार्य पूर्ण कर लोकार्पण की तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी।

भवन की खासियत क्या है?
यह नया विधानसभा भवन नवा रायपुर के 52 एकड़ क्षेत्र में बनाया जा रहा है, जिसमें छत्तीसगढ़ की पारंपरिक वास्तुकला और आधुनिक सुविधाओं का बेहतरीन समावेश है। भवन में तीन प्रमुख विंग बनाए जा रहे हैं –

विंग ए: विधानसभा सचिवालय

विंग बी: विधानसभा सदन, सेंट्रल हॉल, मुख्यमंत्री और अध्यक्ष का कार्यालय

विंग सी: उपमुख्यमंत्री और अन्य मंत्रियों के कार्यालय

सदन में 200 विधायकों के बैठने की व्यवस्था होगी, जबकि 500 दर्शकों के लिए हाईटेक ऑडिटोरियम भी तैयार किया जा रहा है। इसके अलावा परिसर में 700 वाहनों की पार्किंग, और दो बड़े सरोवर (प्रत्येक डेढ़ एकड़) विकसित किए जाएंगे।

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि यह भवन सिर्फ एक शासकीय इमारत नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान और भव्यता का प्रतीक बनेगा। भवन की स्थापत्य शैली और उन्नत सुविधाएं इसे देशभर में एक मिसाल बनाएंगी।

निरीक्षण के दौरान अजय जामवाल, पवन साय, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, लोक निर्माण सचिव कमलप्रीत सिंह और प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी भी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!