बालोद।नगर पालिका के वार्ड पाररास स्थित दीनदयाल योग फाउंडेशन आश्रम को लेकर एक बार फिर विवाद गहराता जा रहा है। अश्लील हरकतों के मामले में पुलिस कार्यवाही के बावजूद सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे को लेकर प्रशासन की चुप्पी से वार्डवासियों में जबरदस्त आक्रोश है। शुक्रवार को पाररास वार्ड क्रमांक 01 और 20 के नागरिकों ने एकजुट होकर तहसील कार्यालय पहुंचकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा और अवैध अतिक्रमण हटाने की मांग की।
पार्षद कशीमुद्दीन कुरैशी, पुष्पा साहू और रीता सोनी ने बताया कि रोशन नगर भांठापारा में विगत पांच वर्षों से बाहरी राज्य के लोगों द्वारा संचालित यह आश्रम करीब 50 डिसमिल से अधिक शासकीय भूमि पर अवैध रूप से बना हुआ है। संचालक और अन्य लोग यहां झाड़-फूंक, तंत्र-मंत्र और योग अभ्यास के नाम पर गतिविधियां चला रहे हैं।
वायरल ऑडियो-वीडियो से फिर बढ़ा विवाद
हाल ही में सोशल मीडिया पर एक 12 वर्षीय नाबालिग बच्ची से जुड़े अश्लील वीडियो और संचालक की दबावभरी ऑडियो बातचीत वायरल हुई है। वीडियो में एक व्यक्ति बच्ची से अश्लील हरकत करता दिखता है और आश्रम संचालक उसे डांटते नजर आते हैं। ऑडियो में बाबा बच्ची को मामले की जानकारी माता-पिता को न देने के लिए समझा रहे हैं। वार्डवासियों को आशंका है कि इस प्रकार की घटनाएं और भी बच्चियों के साथ हुई होंगी।
वार्ड में भय और नाराजगी का माहौल
स्थानीय निवासियों का कहना है कि तंत्र-मंत्र और झाड़-फूंक जैसी गतिविधियों के कारण पूरे क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल है। इससे पहले भी आश्रम को लेकर शिकायतें की गई थीं, लेकिन प्रशासन ने अब तक अवैध कब्जे पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।
ज्ञापन में प्रमुख मांगें:
सरकारी जमीन से अवैध कब्जा तत्काल हटाया जाए।
आश्रम की सभी गतिविधियों की उच्चस्तरीय जांच हो।
स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
इस दौरान बड़ी संख्या में पाररास क्षेत्र के नागरिक, महिला पार्षद, सामाजिक कार्यकर्ता और युवा मौजूद रहे।




















