प्रदेश रूचि

ब्रेकिंग न्यूज़ बालोद: नदी किनारे खेल रहे थे जुआ,पुलिस की रेड के बाद तांदुला नदी में कूदे 3 युवक..1 युवक बहकर लापता, SDRF और गोताखोर कर रहे तलाश

बालोद।जिले के गुंडरदेही थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। तांदुला नदी में बहकर एक युवक के लापता होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। लापता युवक की पहचान दुर्गेश सोनकर (30 वर्ष), निवासी गुंडरदेही के रूप में हुई है। फिलहाल युवक की तलाश में SDRF (स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स) और गोताखोरों की टीम मौके पर जुटी हुई है।

क्या है पूरा मामला?

मिली जानकारी के अनुसार, बीते सोमवार की शाम करीब 5 बजे गुंडरदेही के महावीर मुक्तिधाम के पास कुछ लोग नदी किनारे जुआ खेल रहे थे। सूचना पर तत्काल एक्शन लेते हुए गुंडरदेही पुलिस की टीम मौके पर रेड मारने पहुंची। पुलिस की दबिश से घबराकर वहां मौजूद तीन युवक भागने के प्रयास में तांदुला नदी में कूद पड़े। इनमें से दो युवक सुरक्षित बाहर निकल आए, लेकिन एक युवक—दुर्गेश सोनकर—तेज बहाव में बह गया और लापता हो गया।

प्रशासन की त्वरित कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही गुंडरदेही पुलिस, बालोद और दुर्ग की SDRF टीमें, और स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंच गए। देर शाम से लेकर मंगलवार सुबह तक नदी के विभिन्न हिस्सों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है, लेकिन अभी तक युवक का कोई सुराग नहीं मिला है।

घटनास्थल पर जुटी भीड़

घटना के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जमा हो गए। लापता युवक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन ने लोगों से संयम बनाए रखने की अपील की है और आश्वासन दिया है कि जब तक युवक का पता नहीं चलता, सर्च अभियान जारी रहेगा।

क्या कहता है कानून ?

जुआ अधिनियम के तहत नदी किनारे सट्टा-जुआ खेलना अपराध की श्रेणी में आता है। वहीं, रेड के दौरान नदी में कूदने से उत्पन्न खतरे को लेकर पुलिस की कार्रवाई पर भी अब सवाल उठ रहे हैं, जिसे लेकर जांच की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

 

क्या कहता है पुलिस

पूरे मामले पर गुंडरदेही थाना प्रभारी ने बताया कि स्थानीय एक आवेदक ने थाने में शिकायत किया था कि उनके खेत में कुछ लोगों के द्वारा अवैध तरीके से जुआ का फड़ लगाकर जुआ खेलते है जिसकी शिकायत पर पुलिस सिविल ड्रेस में मौके पर पहुंचे जिसके बाद कुछ लोग पुलिस को पहचान कर ईधर उधर भाग गए तथा इसी दौरान 3 लोग नदी में कूदने की जानकारी मिली थी तथा 2 लोग बाहर निकल गए वही लापता युवक की तलाश पुलिस विभाग और SDRF की टीम मिलकर कर रही है

 

“तांदुला नदी का बहाव इस वक्त तेज़ है, जिससे तलाशी अभियान में कठिनाई आ रही है। SDRF की टीम पानी के अंदर कई फीट गहराई तक सर्च ऑपरेशन चला रही है। स्थानीय प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।”

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!