प्रदेश रूचि

महेश्वरी भवन में शिव महापुराण कथा से पूर्व निकली भव्य कलश यात्रा, बड़ी संख्या में महिलाएं हुईं शामिल

बालोद। जिले के गंजपारा स्थित महेश्वरी भवन में आगामी श्री शिव महापुराण कथा के शुभारंभ से पूर्व बुधवार शाम 4 बजे भव्य कलश यात्रा निकाली गई। इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर श्रद्धा के साथ सहभागिता निभाई।

कलश यात्रा की शुरुआत मरारपारा स्थित स्वयंभू गणेश मंदिर से हुई, जहां अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के पुत्र राघव मिश्रा ‘छोटे सरकार‘ ने विधिवत पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। इसके पश्चात जयघोष “हर-हर महादेव” के नारों के साथ यात्रा पुराना बस स्टैंड, सदर रोड, गंजपारा होते हुए कथा स्थल महेश्वरी भवन पहुंची।

कथा स्थल पर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कलशों की पूजा कर यात्रा का समापन हुआ। श्री शिव शक्ति सेवा समिति एवं नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिभा संतोष चौधरी के संयोजन में यह धार्मिक आयोजन संपन्न हो रहा है। कलश यात्रा के दौरान प्रतिभा चौधरी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। आयोजन समिति से कमल पनपलिया और शेखर वर्मा सहित अनेक गणमान्य जन उपस्थित थे।

24 जुलाई से 30 जुलाई तक होगी श्री शिव महापुराण कथा

इस आध्यात्मिक आयोजन के तहत 24 जुलाई से 30 जुलाई तक प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे तक राघव मिश्रा ‘छोटे सरकार’ संगीतमय श्री शिव महापुराण की कथा सुनाएंगे। कथा का समापन 30 जुलाई को हवन और यज्ञ के साथ किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!