कृतिका चोरडिया ने किया 11 उपवास का पारणा, महावीर भवन में हुआ भव्य अभिनंदन
बालोद। जैन समाज की तपस्या परंपरा को आगे बढ़ाते हुए 14 वर्षीय कृतिका चोरडिया ने 11 दिनों के कठोर उपवास पूर्ण कर रविवार को महावीर भवन में पारणा किया। इस पावन अवसर पर जैन श्रीसंघ बालोद द्वारा अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया, जिसमें समाज के वरिष्ठजनों और श्रद्धालुओं ने कृतिका की तपस्या की अनुमोदना की।
बालोद में इन दिनों वर्षावास चातुर्मास के अंतर्गत आचार्य पण्डितरत्न 1008 परमपूज्य प्रकाश मुनि जी मसा की आज्ञानुवर्ती शिष्या पूज्या श्री प्रियंका श्रीजी मसा आदि ठाना-4 के सान्निध्य में प्रवचन और तप-ध्यान की श्रृंखला चल रही है। इसी क्रम में चोरडिया परिवार की सुपुत्री कृतिका पिता सुनील संजना चोरडिया ने यह तप आराधना पूर्ण की।
समारोह में इनकी रही उपस्थिति: महावीर भवन में आयोजित अभिनंदन समारोह में जैन श्रीसंघ के संरक्षक यशवंत जैन, अध्यक्ष ताराचंद सांखला, मुकेश भंसाली, लक्की लोढ़ा, विनोद श्रीश्रीमाल, प्रदीप चोरडिया, धीरेंद्र बागमार, सुनील रतनबोहरा, आशीष बाफना सहित समाज के अनेक सदस्य व चोरडिया परिवार के लोग मौजूद रहे।
समाजजनों ने कृतिका की इस तपस्या को बालमन की अद्भुत आस्था और आत्मसंयम का प्रतीक बताया तथा आगामी जीवन में उत्तम मार्ग पर अग्रसर रहने के लिए शुभाशीर्वाद दिए।




















