प्रदेश रूचि

रेल सुविधा में बड़ी राहत: अंतागढ़-रायपुर ट्रेन में अब 12 बोगियां, सांसद भोजराज नाग और भाजपा जिलाध्यक्ष चेमन देशमुख की मेहनत रंग लाई

कांकेर/बालोद। अंतागढ़ से रायपुर तक सफर करने वाले यात्रियों को अब भीड़भाड़ से राहत मिलने वाली है। सांसद भोजराज नाग और भाजपा जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख के संयुक्त प्रयासों से अंतागढ़-रायपुर ट्रेन में बोगियों की संख्या बढ़ाकर 8 से 12 कर दी गई है। इससे रोजाना यात्रा करने वाले हजारों लोगों को खड़े होकर सफर करने की मजबूरी से छुटकारा मिलेगा।

दरअसल, बीते महीनों में लगातार यह मांग उठ रही थी कि इस ट्रेन में भारी भीड़ के चलते यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। जिले के सांसद भोजराज नाग ने 23 अगस्त 2024 को रेलवे अधिकारियों को पत्र लिखकर स्थिति से अवगत कराया था। वहीं, भाजपा जिलाध्यक्ष चेमन देशमुख ने भी 27 फरवरी 2025 को रेलवे उपभोक्ता सलाहकार समिति की बैठक में भानुप्रतापपुर स्टेशन और ट्रेन सुविधा से जुड़ी समस्याएं विस्तार से रखीं।

बैठक में बताया गया कि भानुप्रतापपुर स्टेशन पर सिर्फ एक प्लेटफॉर्म है, जबकि ट्रेन दूसरी पटरी पर रुकती है। इससे खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को चढ़ने-उतरने में परेशानी होती है। इसके अलावा वेटिंग एरिया, महिलाओं के लिए अलग कक्ष और मूलभूत जनसुविधाओं की कमी पर भी ध्यान दिलाया गया।

सबसे अहम मुद्दा था – ट्रेन में बढ़ती भीड़। रोजाना सफर करने वालों के लिए बैठने की जगह मिलना भी मुश्किल हो गया था। इन्हीं समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए रेलवे प्रशासन – रायपुर मंडल के डीआरएम और बिलासपुर जोन के जीएम – ने ट्रेन में 12 बोगियों के संचालन को हरी झंडी दे दी है। यह प्रस्ताव राज्य सरकार की सहमति के बाद रेल मंत्रालय भेजा गया है और 31 जुलाई 2025 तक अंतिम मंजूरी की उम्मीद है।

इस फैसले से अंतागढ़, भानुप्रतापपुर, दल्ली राजहरा, बालोद और कांकेर जिले के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। व्यापारियों से लेकर नौकरीपेशा और ग्रामीण यात्रियों ने इस कदम का स्वागत किया है।

लोगों का कहना है कि यह फैसला केवल एक सुविधा नहीं, बल्कि जनता की आवाज़ को गंभीरता से सुनने और उस पर कार्रवाई करने का उदाहरण है। इस पूरी प्रक्रिया में सांसद भोजराज नाग और भाजपा जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख की सक्रियता और लगन को लेकर क्षेत्र में सराहना हो रही है।

रेल सुविधा के इस विस्तार को लेकर उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में स्टेशन इंफ्रास्ट्रक्चर और ट्रेनों की संख्या में भी और सुधार होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!