नई दिल्ली – यात्रियों की सुरक्षा को लेकर रेलवे ने बड़ा कदम उठाया है। अब देश के सभी 74 हजार कोच और 15 हजार इंजनों में CCTV कैमरे लगाए जाएंगे। इसके तहत हर डिब्बे में 4 और हर इंजन में 6 कैमरे लगेंगे।
रेल मंत्रालय ने बताया कि यह फैसला प्रायोगिक प्रोजेक्ट के अच्छे नतीजों के बाद लिया गया है। उत्तर रेलवे में किए गए ट्रायल में इन कैमरों से यात्रियों की सुरक्षा में बड़ा सुधार देखा गया।
कैमरे ऐसे लगाए जाएंगे कि यात्रियों की निजता भी बनी रहे। ये सिर्फ डिब्बों के प्रवेश-द्वार और सामान्य आवागमन वाले हिस्सों में ही लगेंगे। इंजन में आगे-पीछे और दोनों तरफ, साथ ही ड्राइवर केबिन में भी कैमरे और माइक्रोफोन होंगे।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि ये सभी CCTV कम रोशनी और तेज रफ्तार में भी स्पष्ट फुटेज देने में सक्षम होंगे।
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने 12 जुलाई को प्रोजेक्ट की समीक्षा की। मंत्री ने निर्देश दिए कि ट्रेनों में लगने वाले सभी कैमरे नई तकनीक वाले और STQC सर्टिफाइड हों। साथ ही, AI की मदद से कैमरा फुटेज का विश्लेषण कर संदिग्ध गतिविधियों की पहचान पर भी काम शुरू किया जाए।
रेलवे का दावा है कि इस फैसले से यात्रियों की सुरक्षा मजबूत होगी, चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं में कमी आएगी और ट्रेन सफर और ज्यादा भरोसेमंद बनेगा।




















