प्रदेश रूचि

दल्लीराजहरा में ट्रैफिक सुधार को लेकर पुलिस की सख़्ती, थाना प्रभारी पांडेय ने खुद संभाली कमान

बालोद/दल्लीराजहरा। शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को पटरी पर लाने दल्लीराजहरा पुलिस ने बुधवार को बड़ा अभियान चलाया। सड़कों पर बेतरतीब पार्किंग और अतिक्रमण की वजह से जाम जैसी स्थिति को देखते हुए थाना प्रभारी रविशंकर पाण्डेय ने खुद मोर्चा संभाला। इस अभियान में एसडीएम सुरेश साहू और नगर प्रशासन की टीम भी शामिल रही।

कार्रवाई के दौरान मुख्य सड़कों पर नो पार्किंग में खड़े दर्जनों वाहनों पर जुर्माना लगाया गया, वहीं फुटपाथ और सड़क किनारे दुकान का सामान फैलाकर कब्जा करने वाले 14 दुकानदारों पर भी कड़ी कार्रवाई हुई। कुल मिलाकर 12,100 रुपये का शमन शुल्क वसूला गया—जिसमें अतिक्रमण करने वालों से 8,500 रुपये और नो पार्किंग जोन में गाड़ी खड़ी करने वालों से 3,600 रुपये वसूले गए।

थाना प्रभारी पाण्डेय ने इस दौरान दुकानदारों और वाहन चालकों को साफ हिदायत दी कि दोबारा ऐसी स्थिति पाई गई तो सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा, “शहर की जनता को परेशानी से बचाना हमारी प्राथमिकता है। अतिक्रमण और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”

बता दें कि दल्लीराजहरा की सड़कों पर लगातार बढ़ते अतिक्रमण और गलत पार्किंग की वजह से आए दिन जाम की स्थिति बनती थी। आम राहगीरों, स्कूली बच्चों और मरीजों को इससे भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।

स्थानीय लोगों ने भी इस कार्रवाई का स्वागत किया और उम्मीद जताई कि आगे भी इस तरह की नियमित कार्रवाई होती रही तो शहर की सूरत जरूर बदलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!