प्रदेश रूचि

“बारिश में भी न रुके सेवा… दल्लीराजहरा में सफाई मित्रों और हाकरों को मिला रेनकोट वाला सम्मान”

दल्लीराजहरा में सफाई मित्रों और हाकरों को मिला मान-सम्मान, व्यापारी संघ ने बांटे रेनकोट

दल्लीराजहरा। समाज में सफाई व्यवस्था बनाए रखने वाले सफाई मित्र हों या हर सुबह घर-घर समाचार पहुंचाने वाले समाचार पत्र वितरक (हाकर), इनकी मेहनत अक्सर नजरों से ओझल रह जाती है। लेकिन दल्लीराजहरा व्यापारी संघ ने इस बार इन मौन योद्धाओं को सम्मानित करने की एक सराहनीय पहल की।

बारिश के इस मौसम में जब हर कोई खुद को भीगने से बचाने में लगा है, ऐसे में शहर की स्वच्छता बनाए रखने वाले सफाई कर्मियों और सुबह-सुबह अखबार बांटने निकलने वाले हाकरों को दल्लीराजहरा व्यापारी संघ की ओर से रेनकोट वितरित किए गए। इस पहल की अगुवाई संघ के अध्यक्ष  गोविंद वाधवानी ने की।

रेनकोट वितरण कार्यक्रम में कई प्रमुख व्यापारी भी मौजूद रहे, जिनमें बंटू लोहिया, रमेश जैन, विजय कुकरेजा, प्रेम जायसवाल, संदीप अग्रवाल और स्वाधीन जैन प्रमुख रूप से शामिल थे। कार्यक्रम का उद्देश्य बारिश के दौरान अपनी ड्यूटी पूरी निष्ठा से निभा रहे इन लोगों को सहयोग प्रदान करना था, ताकि वे स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से बच सकें और अपना कार्य सुरक्षित तरीके से जारी रख सकें।

संघ अध्यक्ष वाधवानी ने कहा कि, “यह लोग शहर की रीढ़ हैं। हम व्यापारियों की जिम्मेदारी बनती है कि हम समाज के हर उस तबके की चिंता करें जो अपने कर्तव्यों का निर्वहन कठिन परिस्थितियों में भी करता है।”

कार्यक्रम में सफाई मित्रों और हाकरों ने भी अपनी खुशी जाहिर की और व्यापारी संघ का आभार व्यक्त किया।

इस तरह की पहलें न केवल सेवा भाव को दर्शाती हैं, बल्कि समाज में आपसी सहयोग और सामूहिक संवेदनशीलता की मिसाल भी पेश करती हैं। दल्लीराजहरा जैसे छोटे शहरों में ऐसी छोटी-छोटी कोशिशें सामाजिक सरोकारों की बड़ी तस्वीर गढ़ती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!